हरियाणा के सरकारी स्कूलों में तैनात शिक्षक कोरोना रोधी टीकाकरण को लेकर गंभीर नहीं हैं। अभी तक 26 फीसदी शिक्षकों ने ही वैक्सीन की दोनों डोज लगवाई हैं। प्रदेश के 14158 सरकारी स्कूलों में 103915 शिक्षक तैनात हैं। इनमें से 59 का ही टीकाकरण हुआ है। 33952 शिक्षकों ने पहली व 26948 शिक्षकों ने ही दोनों टीके लगवाए हैं।
बच्चों और समाज के लिए मार्गदर्शक शिक्षकों के टीकाकरण को लेकर गैर जिम्मेदाराना रवैये से सरकार नाखुश है। गुरुवार को सेकेंडरी शिक्षा विभाग के निदेशक जे. गणेशन ने जिला शिक्षा अधिकारियों और जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों के साथ इस संबंध में वीडियो कांफ्रेंसिंग भी की है। उन्होंने सभी शिक्षकों के अभी तक दोनों डोज न लगवाने पर नाराजगी जताई। साथ ही निर्देश दिए कि सभी स्कूल मुखिया को साथ लेकर सिविल सर्जन के साथ बैठक करें और केंद्र सरकार के निर्देशानुसार अतिशीघ्र टीकाकरण पूरा करवाएं।
निदेशक ने कहा है कि केंद्र सरकार को टीकाकरण की रिपोर्ट जल्दी भेजनी है। चौथी से बारहवीं तक के स्कूल खुल चुके हैं। बच्चों की संख्या धीरे-धीरे स्कूलों में बढ़ रही है। अभी 50 फीसदी बच्चों को ही स्कूल बुलाया जा रहा है। पूरी संख्या में बच्चों को बुलाने पर अभिभावक शिक्षकों का टीकाकरण पूरा न होने को लेकर एतराज जता सकते हैं। इसलिए बिना देरी सभी शिक्षकों को वैक्सीन की दोनों डोज लगवाएं। निर्देशों की अवहेलना करने पर सरकार कड़े कदम उठाने को मजबूर होगी। करनाल जिले में सबसे अधिक 91 फीसदी शिक्षकों ने टीकाकरण करवाया है। हिसार, पलवल, पानीपत, रोहतक व नूंह में 50 फीसदी से कम टीकाकरण हुआ है।
जिला अनुसार टीकाकरण कराने वाले शिक्षकों का ब्योरा
जिला पहली डोज दूसरी डोज
अंबाला 1123 1426
भिवानी 1779 1530
चरखी दादरी 862 1172
फरीदाबाद 1216 820
फतेहाबाद 2024 1056
गुरुग्राम 2064 1755
हिसार 1444 1103
झज्जर 1175 971
जींद 2533 1784
कैथल 1734 1282
करनाल 2810 2427
कुरुक्षेत्र 1614 1277
महेंद्रगढ़ 1401 1058
नूंह 1455 709
पलवल 1171 619
पंचकूला 1013 1048
पानीपत 1018 581
रेवाड़ी 1343 1107
रोहतक 943 768
सिरसा 1918 1301
सोनीपत 1595 1797
यमुनानगर 1619 1357