हरियाणा के जिला रेवाड़ी के गांव बुड़ौली में बुधवार की रात 11 बजे घर में घुसकर छत पर सो रहे 21 वर्षीय नौजवान पवन को उसके सगे चाचा और दो चचेरे भाइयों ने कुल्हाड़ी से काट डाला।
आरोपियों ने हत्या करने के बाद युवक के शव को छत से नीचे फेंक दिया। इतना ही नहीं, मृतक युवक की मां और उसके भाई को बंधक बना लिया।
वीरवार सुबह किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर मृतक की मां ने खोल पुलिस को हत्या की जानकारी दी।
पुलिस ने मृतक मां मंजू देवी की शिकायत पर मृतक के चाचा रण सिंह और उनके बेटे संदीप व मोनू के खिलाफ हत्या, शव को खुर्द-बुर्द करने की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
मंजू देवी अपने बेटों सुनील और पवन के साथ बुधवार की रात बुडौली-लुहाना मार्ग स्थित कुएं पर बने मकान में सो रही थी। हत्या का मामला जमीनी विवाद से जुड़ा लगता है।
मृतक पवन शराब पीने का आदि था और उसने कुछ दिन पहले करीब डेढ़ एकड़ जमीन का सौदा कर डाला था, जिसे लेकर परिवार में तनातनी चल रही थी।
मंजू के मुताबिक बुधवार की रात उसका देवर रण सिंह कुल्हाड़ी लेकर अपने दोनों बेटों संदीप व मोनू के साथ घर में घुस आया और छत पर जाकर पवन की गर्दन और चेहरे पर कुल्हाड़ी से वार करते हुए मौत के घाट उतार दिया।
इसके बाद तीनों ने पवन के शव को उठाकर छत से नीचे फेंक दिया। वह और उसके बडे़ बेटे ने जब शोर मचाया तो रणसिंह और संदीप व मोनू ने उन्हें कुल्हाड़ी दिखाकर बंधक बना लिया तथा शोर मचाने पर उन्हें भी जान से मारने की धमकी दी।
रण सिंह और उसके दोनों बेटे डरा-धमकाकर मंजू व सुनील को अपने साथ गांव वाले पुराने घर ले आए। सुबह किसी तरह से रण सिंह के चुंगल से छूटकर मंजू पुलिस के पास पहुंची और हत्या की जानकारी दी।
इसके बाद खोल थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचक जायजा लिया और शव को बरामद कर लिया है।