हरियाणा में गांव खरकड़ी सोहान के पास एक युवक को तीन मोटरसाइकिल सवारों ने गोली मार दी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली युवक के बाएं हाथ पर लगी है। उसे हिसार के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार अटेला खुर्द निवासी प्रदीप कुमार को मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने गोली मार दी। घायल युवक अपने गांव खरकड़ी सोहान में अपने मामा के घर से तोशाम आ रहा था।
युवक आदर्श कालेज आफ एजूकेशन में जेबीटी कर रहा है और तोशाम में किराये के मकान में रहा है। घायल ने बताया कि करीब छह साल पहले गांव में पड़ोसी के साथ उनकी कहासुनी हुई थी।
30 सितंबर को उन्होंने उसे जान से मारने की धमकी दी थी। उस पर हमला करने की करतूत भी उन्हीं लोगों की है। घायल का हिसार के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
तोशाम थाना प्रभारी देशराज ने बताया कि पुलिस घायल के बयान लेने के लिए हिसार गई है। घायल की शिकायत और जांच के बाद ही गोली चलाने वालों और घटना के कारण का पता लग सकेगा।