जिले में रविवार देर शाम एक नाबालिग लड़की से गैंगरेप का मामला सामने आया है। तीन युवकों ने पहले लड़की का अपहरण किया और फिर उसे गांव के साथ लगते एक खेत में ले जाकर दुराचार किया। पीड़िता 11वीं की छात्रा है।
जब लड़की के परिजनों को घटना की जानकारी मिली तो वे खेत में पहुंचे। पुलिस ने पीड़िता का सामान्य अस्पताल में मेडिकल परीक्षण करवाया है। पुलिस ने पीड़िता के पिता की शिकायत पर पवन, दलशेर और नरेंद्र को नामजद किया है। सूत्रों के अनुसार एक आरोपी को काबू कर लिया गया है, लेकिन पुलिस फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं कर रही है।
पीड़िता के पिता ने पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी 15 वर्षीय बेटी रविवार देर शाम घर से कुछ काम से निकली थी। उसी दौरान पवन ने उसका मुंह दबोच लिया और अपने साथ गाड़ी में बैठा कर खेतों की तरफ ले गया। गाड़ी में पहले से ही दलशेर और नरेंद्र मौजूद थे। बेटी के काफी समय तक घर वापस न लौटने पर उसकी तलाश करते हुए वे खेतों की तरफ पहुंचे तो वहां उनकी बेटी बदहवास हालत में पड़ी थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि पवन, दलशेर और नरेंद्र ने उसकी बेटी के साथ सामूहिक दुराचार किया और फिर उन्हें बुरा अंजाम भुगतने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। परिजनों द्वारा घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने पीड़िता का सामान्य अस्पताल में मेडिकल परीक्षण करवाया है। पुलिस ने पीड़िता के पिता की शिकायत पर पवन, दलशेर और नरेंद्र के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।