हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेंवि) के भूगोल विभाग की ओर से संचालित जीईसी/एमडीसी पाठ्यक्रम समकालीन पर्यावरणीय मुद्दे के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए पर्यावरण जागरुकता गतिविधि का आयोजन किया गया। कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जलवायु परिवर्तन, प्रदूषण, जैव विविधता के ह्रास, संसाधनों के अत्यधिक दोहन जैसी समस्याएं वैश्विक चुनौती बन चुकी हैं। ऐसे में युवाओं की सक्रिय भागीदारी और जागरुकता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने दैनिक जीवन में पर्यावरण के अनुकूल व्यवहार अपनाने व समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरुकता फैलाने के लिए प्रेरित किया।
विज्ञापन
भूगोल विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. एमएल मीणा ने कहा कि पर्यावरण संबंधी चुनौतियों को समझने व उनके समाधान खोजने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनने, संसाधनों के सतत उपयोग को बढ़ावा देने और पर्यावरण संरक्षण के लिए सकारात्मक पहल करने के लिए प्रोत्साहित किया।
भूगोल विभाग के शिक्षक व कार्यक्रम के संयोजक डॉ. संजीत ने बताया कि इस गतिविधि का उद्देश्य विद्यार्थियों में समकालीन पर्यावरणीय चुनौतियों के प्रति जागरुकता बढ़ाना व उन्हें व्यावहारिक रूप से पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रेरित करना था।