हरियाणा के नारनौल के सीहमा में एक युवक की नहर में डूबने से मौत हो गई। युवक नीमराना में एक कंपनी में नौकरी करता था। वह अपने अन्य साथियों के साथ नहर में नहाने आया था। इस दौरान नहर में पानी का ज्यादा बहाव होने की वजह से एक युवक डूब गया। इसके बाद पुलिस बल, एंबुलेंस और दमकल विभाग की गाड़ी भी मौके पर पहुंच गई। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शव को नहर से बाहर निकाला गया।
उत्तर प्रदेश व उड़ीसा के रहने वाले 6 दोस्त नीमराना कंपनी में एक साथ कार्य करते थे। रविवार को उत्तर प्रदेश में कन्नौज जिले के बुलबुलियापुर गांव का सचिन ठाकुर अपने दोस्त तरूण, मिंटू, विपिन सहित अन्य दोस्तों के साथ गाड़ी से वाटरपार्क में नहाने के लिए आए थे। सचिन ने इन सभी को वाटरपार्क की बजाय सीहमा नहर में नहाने को बोला।
उसने अपने दोस्तों को बताया कि वह पहले भी सीहमा में बनी नहर में नहा चुका है। सभी मिलकर दोपहर करीब 12 बजे सीहमा पहुंचकर नहाने के लिए उतरे ही थे कि सचिन पानी में डूबने लगा। तभी उसका एक साथी नहर की पगडंडी पर से उसे बचाने का प्रयास करने लगा।
सचिन ने उसके साथी के हाथ का कड़ा पकड़ लिया था। पानी का बहाव ज्यादा होने के कारण उसका कड़ा निकल गया और उसका साथी पानी में डूब गया। सूचना के आधार पर सदर पुलिस नारनौल की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और बचाव कार्य में जुट गई। वहीं दमकल की गाड़ी और एंबुलेंस भी मौके पर पहुंच गई। सभी टीमों ने मिलकर रेस्क्यू आपरेशन चलाया।
दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद नहर से शव बरामद कर लिया गया। उसकी पहचान उत्तर प्रदेश निवासी लगभग 19 वर्षीय सचिन पुत्र राजकुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नारनौल के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए शव भेज दिया है। वहीं मृतक युवक के परिजनों को घटना की जानकारी दी गई है। परिजनों के आने के बाद शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा।