नारनौल। बहरोड़ रोड पर एक सड़क हादसे में 29 जुलाई को आकोली निवासी नरेंद्र कुमार की मौत हो गई। एक पिकअप गाड़ी ने सड़क किनारे चल रहे नरेंद्र को टक्कर मार दी थी। मृतक के साले नितेश की शिकायत पर पुलिस ने पिकअप चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नितेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 29 जुलाई को अपनी बहन सुनीता के घर आकोली आया था। रात करीब नौ बजे वह अपने जीजा नरेंद्र कुमार के साथ गांव के बाहर टहल रहा था। इसी दौरान कांवी की तरफ से आई पिकअप ने नरेंद्र को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से नरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। नितेश ने तुरंत पिकअप का नंबर नोट किया। उसने अपनी बहन सुनीता को हादसे की सूचना दी।
घायल नरेंद्र को उसी पिकअप में बैठाकर जयपुर ले जाया जा रहा था। रास्ते में मृत्यु की आशंका होने पर एक निजी अस्पताल में जांच कराई गई, जहां डॉक्टरों ने नरेंद्र को मृत घोषित कर दिया था। इसके बाद शव को सरकारी अस्पताल नारनौल लाया गया। अस्पताल में नरेंद्र के चाचा हवासिंह और चचेरे भाई हरेंद्र भी पहुंचे।