महेंद्रगढ़। गांव लावण में वीरवार रात को ईशू (19) ने फंदा लगाकर जान दे दी। सदर थाना पुलिस ने मृतक के दादा दयानंद की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर आत्महत्या के लिए दबाव बनाने या उकसाने संबंधी आरोपों की जांच शुरू कर दी है।
ईशू के दादा दयानंद ने एफआईआर में बताया कि वीरवार रात को पूरा परिवार खाना खाकर सो गया था। उनका पोते ईशू अपनी मम्मी के साथ सोया हुआ था। इस दौरान रात को संदिग्ध परिस्थितियों में ईशू ने घर के मुख्य दरवाजे के पास कमरे में जाकर पंखे पर फंदा लगा दिया।
रात करीब तीन बजे ईशू की मम्मी पानी पीने के लिए उठी तो उनको बैठक में शव लटकता दिखाई दिया। इसके बाद उन्होंने ईशू के दादा को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम उनके घर पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर नागरिक अस्पताल लाया गया।
दयानंद ने आरोप लगाया कि ईशू ने किसी दबाव में आकर या उकसावे के कारण यह कदम उठाया है। ईशू ने हाल ही अग्निवीर शारीरिक परीक्षण पास किया था और इसी साल 12वीं कक्षा भी पास की थी। अब वह महेंद्रगढ़ के एक केंद्र में सेना का प्रशिक्षण ले रहा था। ईशू दो भाइयों में बड़ा था और उनके पिता संजय कुमार भी सेना में हैं।
सदर थाना प्रभारी रमेश कुमार ने बताया कि मृतक के दादा की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली है। ईशू का मोबाइल फोन और सिम कार्ड ले लिया है। अब कॉल विवरण निकलवाई जाएगी।