फोटो संख्या: 68 नागरिक अस्पताल से युवक को एंबुलेंस के माध्यम से निजी अस्पताल ले जाते परिजन---सं
महेंद्रगढ़। राजस्थान के जिला बीकानेर के गांव उधरामसर निवासी एक युवक ने सदर थाना महेंद्रगढ़ में पुलिस के सामने ही जहरीला पदार्थ पी लिया। आनन-फानन में पुलिस ने युवक को नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद युवक को गंभीर हालत में शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
गांव उधरामसर निवासी 24 वर्षीय अमित की शादी पांच साल पहले महेंद्रगढ़ के गांव माजरा कलां निवासी एक युवती के साथ हुई थी। बताया जाता है कि शादी के बाद से ही दोनों के बीच मनमुटाव चल रहा था। हाल ही में युवती के पिता की ओर से ससुराल पक्ष पर आरोप लगाकर सदर थाना में शिकायत दी गई थी।
शिकायत पर संज्ञान लेते हुए दोनों पक्षों को मंगलवार सदर थाना बुलाया गया था। जहां पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत करने के उपरांत युवक व युवती को सहमति बनाने के लिए एकांत में बैठाया था। पति-पत्नी में कुछ देर बातचीत के बाद सहमति नहीं बन पाई। इसके बाद अमित ने जेब से जहरीला पदार्थ निकालकर पी लिया।
अमित के पिता मुरलीधर शर्मा ने बताया कि मंगलवार को सदर थाना पुलिस ने काउंसिलिंग के लिए बुलाया गया था। इससे पहले भी तीन बार उन्हें थाने बुलाया जा चुका है। पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत के बाद मेरे बेटे व उसकी पत्नी को एकांत में बैठा दिया था, लेकिन दोनों के बीच सहमति नहीं बनी तो उसके लड़के ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। मुरलीधर का कहना है कि अमित पत्नी के साथ रहना चाहता है, जबकि वह साथ नहीं रहना चाहती।
-
- वर्जन:
लड़की पक्ष की ओर से कुछ दिन पूर्व सदर थाना में शिकायत दी गई थी। शिकायत के आधार पर दोनों पक्षों को काउंसिलिंग के लिए थाने बुलाया गया था। इस दौरान पति-पत्नी को सहमति के लिए बातचीत करने बैठाया था, लेकिन सहमति नहीं बनने पर युवक ने छिपाकर रखा जहरीला पदार्थ निगल लिया। मामले में जांच चल रही है। - युद्धवीर सिंह, सदर थाना प्रभारी महेंद्रगढ़।