फोटो नंबर-13दंगल में बराबरी पर रहे पहलवानों के साथ अतिथि। स्रोत: आयोजक
नारनौल। टिल्लू वाले तालाब के नजदीक महात्मा बाबा रामकरण दास जी की 80वीं स्मृति में भादवा अमावस्या पर वार्षिक कुश्ती दंगल एवं मेले का आयोजन किया गया। खेल प्रतियोगिताओं की शुरुआत 2100 रुपये के इनामी कबड्डी मुकाबले से हुई। इसमें राजस्थान की बहरोड़ और नारनौल के महरमपुर गांव के बीच मुकाबला हुआ। खेल में बहरोड़ की टीम ने जीत दर्ज की।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री एवं नारनौल विधायक ओमप्रकाश यादव मुख्य अतिथि रहे जबकि नगर परिषद चेयरमैन कमलेश सैनी ने अध्यक्षता की। इस दौरान शहर के कई गणमान्य लोग, सामाजिक कार्यकर्ता और पार्षद मौजूद रहे। आयोजन समिति के प्रधान हेतराम हलवाई के नेतृत्व में कार्यक्रम की व्यवस्थाएं संभाली गईं। दंगल में चिरंजीलाल पहलवान और रामकिशन सैनी ने रेफरी की भूमिका निभाई।
शाम 4:15 बजे 51 रुपये की पहली कुश्ती के साथ दंगल की शुरुआत हुई। इसके बाद 21 हजार रुपये की इनामी कुश्ती मुख्य आकर्षण रही।
इसमें नारनौल के भूपेंद्र अखाड़े के गोलू पहलवान और रोहतक के अनुज कुमार आमने-सामने हुए। दोनों ने शानदार दांव-पेंच दिखाए लेकिन निर्धारित समय तक कोई भी पहलवान दूसरे को चित नहीं कर सका। मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ।