फोटो 25जिला स्तरीय कार्यक्रम में श्रमिकों को संबोधित करते विधायक ओमप्रकाश यादव।स्रोत डीआईपीआर
नारनौल। पूर्व मंत्री एवं नारनौल के विधायक ओम प्रकाश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में चल रही सरकार पंक्ति में सबसे पीछे खड़े व्यक्ति के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। देश के विकास में श्रमिकों का अहम योगदान है। श्रमिकों ने अपने पसीने की बूंदों से राष्ट्र को सजाया है।
यादव रविवार को लघु सचिवालय के नजदीक स्थित सभागार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे सेवा पर्व के तहत आयोजित जिलास्तरीय श्रमिक सम्मान एवं जागरूकता समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम के दौरान नागरिकों ने बड़ी एलईडी स्क्रीन के जरिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का संबोधन सुना।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम गुरुग्राम में आयोजित किया गया था, जहां से लाइव टेलीकास्ट किया गया था। इस मौके पर सीएम ने वर्चुअल माध्यम से अटल श्रमिक किसान कैंटीन में यूपीआई आधारित भुगतान को 113 कैंटीन में लागू किया।
उन्होंने कहा कि श्रमिकों के लिए नारनौल की पुरानी अनाज मंडी के साथ तथा महेंद्रगढ़ में यादव धर्मशाला के पास श्रम विभाग द्वारा कैंटीन चलाई जा रही है। यहां पर 10 रुपये में मजदूरों को खाना दिया जाता है ताकि मजदूर खाने की चिंता छोड़कर अपने श्रम पर ध्यान दें।
इस मौके पर नगर परिषद की चेयरपर्सन कमलेश सैनी ने कहा कि सभी श्रमिक हरियाणा व केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ उठाएं तथा अपने परिवार को आर्थिक और सामाजिक तौर पर मजबूत बनाएं। इस अवसर पर श्रम विभाग के सहायक निदेशक नवीन कुमार सैनी ने आगंतुकों का अपने संबोधन के माध्यम से स्वागत किया। कार्यक्रम में मंच संचालन डॉ. ममता शर्मा ने किया। इस मौके पर जिला राजस्व अधिकारी राकेश कुमार, सहायक निदेशक डॉ. राहुल ढुल, श्रम निरीक्षक विजय सिंह, श्रम निरीक्षक महेश कुमार के अलावा अन्य गणमान्य नागरिक भी मौजूद थे।