फोटो नंबर- 20नवनिर्माण के लिए सैन चौक सड़क की खुदाई करती मशीन। संवाद
नारनौल। शहर के सैन चौक की जर्जर सड़क का निर्माण कार्य आखिरकार सोमवार से शुरू हो गया। सड़क की खुदाई का काम शुरू कर दिया गया है। यह सड़क लंबे समय से लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई थी।
करीब 15 दिन पहले इस सड़क का शिलान्यास मोहल्ले के बुजुर्गों ने किया था। कार्यक्रम में विधायक ओमप्रकाश यादव और नगर परिषद चेयरपर्सन कमलेश सैनी के पहुंचने की बात थी लेकिन उनके समय पर नहीं पहुंचने के कारण बुजुर्गों ने खुद ही शिलान्यास कर दिया था। इसके बाद क्षेत्र में इसे लेकर चर्चाएं भी होती रहीं।
शिलान्यास के बावजूद काम शुरू नहीं होने से लोगों में नाराजगी थी। जर्जर मार्ग से गुजरने वालों को भी परेशानी उठानी पड़ रही थी। लोगों की इस समस्या को देखते हुए अमर उजाला ने 4 अक्तूबर को इस मुद्दे को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद सोमवार को सड़क पर खुदाई का काम शुरू हो गया।
सैन सभा के प्रधान मुकेश सैन ने बताया कि शिलान्यास के बाद से ही लोग काम शुरू होने का इंतजार कर रहे थे। उन्होंने कहा कि खबर प्रकाशित होने के बाद सड़क पर काम शुरू हुआ है। उन्होंने नगर परिषद से अपील की कि लोगों की परेशानी को देखते हुए निर्माण कार्य जल्द पूरा कराया जाए।