महेंद्रगढ़। शहर में सफाई और अतिक्रमण को लेकर स्वयं उपमंडल अधिकारी मैदान में उतरे तो हालात भी सुधरने लगे हैं। अब शहरवासियों के साथ सामाजिक, धार्मिक संगठनों से जुड़े लोग भी मुहिम का हिस्सा बनने लगे।
शहर के बीच स्थित सब्जी मंडी की सफाई व्यवस्था व रेहड़ी एवं फड़ी भी व्यवस्थित रूप से दिखाई देने लगी। उपमंडल अधिकारी प्रतिदिन अल सुबह सफाई व अतिक्रमण का स्वयं जायजा लेने पैदल निकलते हैं। उपमंडल अधिकारी अनिल कुमार यादव की ओर से बार-बार शहरवासियों एवं सामाजिक संगठनों से शहर की सफाई व्यवस्था बनाने एवं अतिक्रमण हटाने की अपील की थी। 11 मार्च को लघु सचिवालय से जब स्वच्छता अभियान की शुरूआत की गई तो विभिन्न सामाजिक संगठनों, विद्यार्थियों, कॉलेजों, प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ पूर्व सैनिकों ने भी हिस्सा लेकर इस मुहिम में सहयोग का आश्वासन दिया था।
उपमंडल अधिकारी अनिल कुमार यादव ने शहर में सुधार की शुरूआत सब्जी मंडी से की थी। जहां गंदगी के ढेर, अव्यवस्थित लगी रेहड़ियों के कारण सब्जी मंडी में जगह का अभाव बना था अब वह भी खुला नजर आने लगा है। एसडीएम के प्रतिदिन निरीक्षण के कारण सफाई व्यवस्था में काफी सुधार हुआ है। जहां कूड़े के ढेर नजर आते थे अब वहां दुकानदार एवं रेहड़ी फड़ी वाले भी डस्टबिन का प्रयोग करते हैं।
इंसेट
अभियान में सहयोग को यह आए आगे
नगर पालिका के कर्मचारियों के साथ शहर के नागरिक, वेटरन एयर वाॅरियर एसोसिएशन, महाविद्यालयों स्टाफ व विद्यार्थी, सामाजिक संगठन, धार्मिक संगठन स्वच्छता को लेकर आगे आ रहे हैं। इस मुहिम में दुकानदार से लेकर रेहड़ी-फड़ी वाले भी गंदगी को डस्टबिन में रखकर कचरा उठान में लगे वाहनों में डालने लगे हैं। वीरवार को वेटरन एयर वारियर एसोसिएशन के सदस्यों व नागरिकों ने स्थानीय खेल स्टेडियम परिसर में सफाई अभियान चलाकर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया।
-
- वर्जन:
शहर को गंदगी और जाम मुक्त शहर बनाना मुख्य उद्देश्य है। शहर के सब्जी मंडी, बस स्टैंड पर प्रतिदिन सफाई की जा रही है। जाम का कारण बनने वाले दुकानदारों व रेहड़ी चालकों को भी सड़क किनारों पर अतिक्रमण ना करने के निर्देश दिए गए हैं। दुकानदारों, सामाजिक, धार्मिक संगठनों व आमजन से भी लगातार अपील की जा रही है। - अनिल कुमार यादव, उपमंडल अधिकारी