उपायुक्त श्याम लाल पूनिया ने सोमवार को महेंद्रगढ़ रोड पर शहर की दोनों तरफ लगाई जा रही टाइलों के काम का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को लगाई जा रही टाइलों का सैंपल लेने के निर्देश दिए।
दरअसल पंचायत भवन में आयोजित जन परिवेदना समिति की मासिक बैठक में समिति के सदस्यों द्वारा शहर में लगाई जा रही टाइलों के लेवल के बारे में शिकायत की थी। इस पर उपायुक्त ने बैठक समाप्त होते ही सीधे लघु सचिवालय के मोड़ पर लगाई जा रही इन टाइलों के कार्य का औचक निरीक्षण किया।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि टाइलों को मुख्य सड़क से थोड़ा नीचे रखा जाए। इनको लगाते समय ध्यान रहे कि इसका लेवल शुरू से लेकर आखिरी तक एक जैसा रहे। किसी एक दुकान के आगे ज्यादा और किसी दूसरे के आगे कम नहीं होना चाहिए। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लघु सचिवालय की तरफ मुड़ने वाले रोड के दोनों तरफ आसपास अच्छी तरह से साफ सफाई की जाए। उन्होंने कहा कि यहां सड़क के दोनों तरफ मार्ग खुला हुआ होना चाहिए, ताकि पैदल आने वाले यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उपायुक्त ने रेहड़ी संचालकों के लिए अलग से जगह निश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़कों पर रेहड़ी लगने के कारण पैदल चलने वाले यात्रियों को परेशानी होती है। जिला प्रशासन की नजर में पैदल चलने वाले यात्रियों की अहमियत सबसे अधिक है। इन लोगों को आवागमन में किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए ताकि लोग वाहन का प्रयोग न करके पैदल चलें। सड़कों पर पैदल चलने का रास्ता सही रहेगा तो लोग पैदल चलने में किसी प्रकार की हिचक भी नहीं करेंगे और यह पर्यावरण के लिए भी अच्छा है। आम लोगों में पैदल चलने की आदत डालने के लिए जरूरी है कि शहर में इस तरह की व्यवस्था हो कि नागरिक बिना किसी रुकावट के पैदल चल सकें। दो-तीन किलोमीटर चलने के लिए शहर के नागरिकों को अपने वाहन की बजाय पैदल चलना चाहिए।