नारनौल। सीएम नायब सैनी के आगमन और मैराथन को लेकर शहर को चमकाने में कर्मचारी दिन-रात जुटे हैं। एक तरफ हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के सामने से गुजर रही सड़क की सफाई और डिवाइडर पर रंग-रोगन किया जा रहा है। वहीं, दूसरी ओर हाउसिंग बोर्ड मार्केट की पार्किंग अपनी बदहाली की कहानी खुद बयां कर रही है।
पार्किंग स्थल की सफाई करीब दो साल से इंतजार में है। बारिश होते ही यहां पानी भर जाता है, क्योंकि निकासी की उचित व्यवस्था नहीं है। सफाई के अभाव में घास और झाड़ियां इतनी बढ़ गई हैं कि सांप और बिच्छू निकलकर दुकानों तक पहुंच रहे हैं। दुकानदार कई बार नगर परिषद को शिकायत कर चुके हैं लेकिन समस्या का समाधान अब तक नहीं हुआ।
मैराथन के लिए सड़कें तो चमकाई जा रही हैं लेकिन सड़क किनारे खाली प्लॉटों में पड़े कूड़े के ढेर प्रशासन की नजर से बच रहे हैं। दीवार की आड़ में छिपा कचरा बदबू, मच्छरों और गंदगी का कारण बना हुआ है।
बॉक्स
गंदगी के कारण दिनभर मच्छरों का प्रकोप बना रहता है, शाम के समय तो दुकान के बाहर तक नहीं बैठ सकते। इससे डेंगू व मलेरिया जैसी बीमारियों के संक्रमण का खतरा बना रहता है।
-राजेंद्र सिंह यादव, दुकानदार, हाउसिंग बोर्ड मार्केट
-
पार्किंग स्थल में बारिश का पानी जमा रहता है और घास व झाड़ियां उगी हुई हैं। इसमें से सांप व बिच्छू निकलकर दुकानों में आ जाते हैं।
-धीरेंद्र सिंह, दुकानदार, हाउसिंग बोर्ड मार्केट
वर्जन :
पार्किंग स्थल की सफाई के लिए कई बार नगर परिषद अधिकारियों को अवगत करवा चुके हैं। मैराथन कार्यक्रम के लिए की जा रही सफाई के दौरान भी अधिकारियों को खाली प्लॉट में पड़े कूड़े के उठान व सफाई के लिए अवगत करवाया था लेकिन कोई सुनवाई नहीं की गई।
-प्रीति यादव, पार्षद, वार्ड-2, नारनौल