महेंद्रगढ़। महेंद्रगढ़ बस स्टैंड पर रोडवेज बसें नहीं चलने से 2500 से अधिक यात्रियों को परेशानियों से दो-चार होना पड़ा। बुधवार को रोडवेज बसों का चक्का जाम होने से बहनों को भाईयों तक पहुंचने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। सुबह 9 बजे स्टैंड पर रोडवेज कर्मचारियों ने नारेबाजी कर हड़ताल शुरू कर दी। हालांकि चरखी दादरी, रेवाड़ी व नारनौल रूटों पर समिति व निजी बसों के सहारे लोगों ने सफर तय किया, लेकिन बस स्टैंड पर अधिक भीड़ होने के चलते बसों में धक्का-मुक्की रही।
वहीं पंजाब एवं राजस्थान रोडवेज की बसों का संचालन जारी रहने से काफी हद तक राहत मिली। महेंद्रगढ़ बस स्टैंड से प्रतिदिन 20 से अधिक लोकल रूटों पर बसों का संचालन किया जाता है जो बुधवार को पूरी तरह से बंद रहा। लोगों ने निजी वाहनों का सहारा लिया। निजी बसों में यात्रियों की भारी भीड़ रही। यात्री सिर पर सामान रखकर ले जाते दिखे। महेंद्रगढ़ बस स्टैंड से सतनाली, अटेली, सेहलंग, कुंड सहित लंबी व लोकल रूटों पर बस नहीं चलने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बस स्टैंड स्टैंड इंचार्ज वेदप्रकाश ने बताया कि अंबाला बस स्टैंड में रोडवेज कर्मचारी राजवीर की हत्या के बाद सभी कर्मियों ने चक्काजाम किया है। इस मौके पर रामवीर, हवासिंह, आशिष, प्रदीप मालड़ा, ललित पायगा, विक्रम पायगा, महेश, हरिकिशन, बाबूलाल सहित अनेक कर्मचारी शामिल रहे।
क्या कहते है लोग
महेंद्रगढ़ में निजी कॉलेज में आया था। इसके बाद वापस सीकर जाना है। एक घंटे से बस स्टैंड पर खड़े होकर इंतजार कर रहा हूं, लेकिन सीकर के लिए कोई बस सेवा नहीं है। निजी बसें भी नारनौल या जयपुर के लिए आ रही है। चक्काजाम के बारे में मुझे कोई सूचना नहीं थी।
-कुलदीप, यात्री
गांव खैरोली से महेंद्रगढ़ में दवा लेने के लिए सुबह गांव से एक साथी के साथ बाइक पर पहुंचा था, लेकिन अब वापस जाने के लिए दो घंटे से अधिक का समय हो गया है। रोडवेज की बसें नहीं चलने से काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। निजी बसें भी सीधी नारनौल के लिए हैं। लोकल बस स्टैंड पर नहीं ठहरती है। चक्काजाम से काफी परेशानी हुई है।
-रामचंद्र, यात्री
कनीना में रहा चक्काजाम
कनीना। अंबाला में रोडवेज बस चालक की हत्या के विरोध में बुधवार को कनीना बस स्टैंड पर यूनियन के डिपो सचिव कर्मवीर यादव की अध्यक्षता में विरोध प्रदर्शन किया गया। अंबाला में रोडवेज बस चालक की हत्या कर दी गई तथा आज तक के उसकी हत्या में शामिल लोगों को गिरफ्तार नहीं किया गया है, जिसको लेकर पूरे प्रदेश में हरियाणा रोडवेज का चक्काजाम किया गया है। सुनीता, शारदा, मंशा रानी, खुशी, संतोष, मनीष यादव, रेशमा, पूजा रानी, मीनाक्षी, कमला देवी, विधि यादव, राजकुमारी, संतोष, रतन देवी के अलावा अन्य महिलाओं ने बताया कि जिस भाई को मारा गया है उसके दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। इस मौके पर इस अवसर पर उनके साथ महेश चालक अध्यक्ष, महेश कैशियर, सुदेश कुमार, तेजेंद्र सिंह, हरेंद्र सिंह, संजीव रहे।
सतनाली बस स्टैंड पर भी कर्मचारियों ने की नारेबाजी
सतनाली। अंबाला में हुई रोडवेज चालक की हत्या कर दी गई। चालक सुभाष ने बताया कि रोडवेज चालक राजबीर को न्याय दिलवाने को लेकर सांझा मोर्चा की ओर से सतनाली बस स्टैंड पर रोडवेज कर्मचारियों ने नारेबाजी करते हुए बसों का चक्का जाम कर दिया गया। चालक सुभाष ने बताया कि रोडवज बसें नहीं चलने से सतनाली क्षेत्र के लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस मौके पर कर्मवीर सोनी, राजबीर, प्यारेलाल, अशोक कुमार, नवीन कुमार, विजय, राजेंद्र, सुभाष, उमेद सिंह, वेदप्रकाश, धर्मवीर, कपिल, विनोद, रमेश, विजयपाल, विकास धनखड़ रहे।