नारनौल व आसपास के क्षेत्र में पिछले 13 घंटे से रुक-रुककर बरसात जारी है। मंगलवार सुबह भी हल्की बूदाबांदी जारी रही। रात को तेज बरसात के चलते कई निचले इलाकों में पानी जमा हो गया। पिछले 24 घंटे में 43 एमएम बरसात दर्ज की जा चुकी है। वहीं लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिली है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री दर्ज किया गया है।
निचले इलाकों में जलभराव
पिछले तीन दिन से नारनौल व आसपास के क्षेत्र में लगातार बरसात हो रही है। बरसात के कारण मौसम भी सुहाना बना हुआ है। इसके चलते तापमान में कमी दर्ज की जा रही है। अधिकतम व न्यूनतम तापमान कम होने के कारण लोगों को तेज गर्मी से राहत मिली हुई है। शहर में हुई 43 एमएम बरसात के कारण शहर में कई जगह निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति भी देखी गई।
जगह-जगह पर पानी जमा
शहर के सैन चौक, पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस के पास, नगर परिषद के पास, पार्क गली व मुख्य बाजार सहित अनेक जगह पर पानी जमा हो गया। इससे लोगों को आने जाने में परेशानी हुई। पूरा दिन बरसात होने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग की माने तो आगामी 20 जुलाई तक शहर व आसपास के क्षेत्र में बरसात होगी।
रेवाड़ी में मंगलवार सुबह करीब पांच बजे से झमाझम बारिश हो रही है। लगातार तीसरे दिन सुबह-सुबह हो रही बारिश से शहर के निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। कई स्थानों पर घरों में भी पानी घुस गया है। प्रशासन की टीम राहत कार्यों में जुटी हुई है। जगह-जगह जलभराव से लोगों की जीना दुस्वार हो गया है।
सोमवार को हुई तेज बारिश की वजह से रामपुरा, नई आबादी, ब्रास मार्केट, नई बस्ती, भाड़ावास गेट, मॉडल टाउन, सेक्टर-4 व धारूहेड़ा चुंगी सहित अनेक स्थानों पर जलभराव हो गया। वहीं बारिश से किसानों के चेहरों पर खुशी की लहर है। बारिश से खरीफ की फसलों को लाभ मिलेगा।