नारनौल। शहर में सीवर ओवरफ्लो होने के कारण दूषित पानी सड़कों पर जमा रहता है। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मोहल्ला जमालपुर, मेहता चौक, रामकरण दास मार्ग आदि स्थानों पर सीवर ओवरफ्लो की समस्या बनी हुई है। मेहता चौक के स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि मेहता चौक शहर के प्रमुख चौराहों में एक है। यहां से सरकारी अस्पताल, नई अनाज मंडी, मुख्य बाजार और निजामपुर रोड जाने का मुख्य मार्ग है। इस कारण मार्ग पर दिनभर आवागमन बना रहता है।
स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि दूषित पानी मेहता चौक से सड़क पर बहता हुआ दुकानों के आगे जमा हो जाता है। इससे व्यापार भी प्रभावित हो रहा है। वहीं रामकरण दास मार्ग पर भी लंबे समय से सीवर लीकेज के कारण दूषित पानी सड़क पर जमा रहता है। उन्होंने बताया कि समस्या के बाबत कई बार संबंधित विभाग को अवगत करवा चुके हैं, लेकिन स्थायी समाधान नहीं होने के कारण समस्या जस की तस बनी हुई है।
-
मेहता चौक पर सीवर ओवरफ्लो की समस्या काफी समय से बनी है। ओवरफ्लो के कारण दूषित पानी बहता हुआ दुकानों के आगे जमा हो जाता है। इससे ग्राहकों और दुकानदारों को परेशानी होती है। व्यापार भी प्रभावित हो रहा है।-सुनील कुमार, दुकानदार, मेहता चौक
सीवर ओवरफ्लो के कारण दूषित पानी हमेशा सड़क पर जमा रहता है। इससे आवागमन में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। विशेष तौर पर रात में लोगों को हादसों का खतरा बना रहता है।-विनोद कुमार, रामकरण दास कॉलोनी
वर्जन :
बारिश के मद्देनजर सभी स्थानों पर सीवर की सफाई का कार्य किया गया था। जहां कहीं भी समस्या बनी हुई है, वहां सीवर सफाई का कार्य किया जा रहा है, ताकि लोगों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। आमजन टोल फ्री नंबर 18001805678 पर संपर्क कर सीवर ओवरफ्लो और सीवर जाम से संबंधित शिकायत दर्ज करवा सकते हैं।-आकाश यादव, जेई, जनस्वास्थ्य विभाग