गर्मियों में पेयजल किल्लत झेलने के बाद अब सर्दियों में भी पानी की समस्या से दो चार होना पड़ रहा है। शहर के कई मोहल्लों में चार से पांच दिन में पानी की सप्लाई हो रही है। वहीं कई मोहल्ले ऐसे हैं जहां गंदे पानी की सप्लाई से लोग परेशान हैं। गंदा पानी आने से बीमारियों के बढ़ने की भी संभावना बढ़ गई है।
बेशक इस समय सर्दियों के मौसम चल रहा हो और पानी की खपत भी कम हो रही हो, मगर शहर के अनेक ऐसे मोहल्ले हैं, जहां पीने के पानी की समस्या बनी हुई है। अनेक मोहल्ले ऐसे भी हैं, जहां पर गंदा पानी आ रहा है। जिसके कारण उनको भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इन मोहल्लों में एक दो रोज से नहीं, बल्कि 10-15 दिन से गंदा पानी आपूर्ति हो रहा है।
कई मोहल्लों में तो यह स्थित एक माह से बनी हुई है। जिसकी वजह से इन मोहल्लों के लोग परेशान हैं। उक्त मोहल्ले के लोगों का कहना है कि यदि ऐसे ही गंदा पानी आपूर्ति होता रहा तो मोहल्ले में पीलिया, टाइफाइड व अन्य जल जनित बीमारियां फैल जाएंगी। लोगों ने बताया कि इस बारे में वे कई बार जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से मिल चुके हैं, परंतु उनकी समस्या का समाधान नहीं हो रहा। उन्होंने बताया कि अगर ऐसा ही पानी आता रहा तो मोहल्लावासी जाम लगाने या अधिकारियों का घेराव करने को मजबूर हो जाएंगे।
कई जगह आ रहा है गंदा पानी
शहर के नई सराय, रविदास मंदिर मार्ग, पुरानी सराय, मोहल्ला मीरा जी, शिव नगर, पुल बाजार सहित अनेक मोहल्लों में में इन दिनों शहरवासी रोजाना मटमैले रंग का पानी पीने को मजबूर हैं।
बदबूदार है पानी
मोहल्लावासियों अमित कुमार, धर्मेंद्र, सुनील, जगदीश, विजेंद्र एडवोकेट आदि ने बताया कि घरों में जो पानी आ रहा है, वह काफभ् गंदा है। उक्त लोगों ने बताया कि इस गंदे पानी को नलों से जब भरते हैं तो उसमें भयानक बदबू आती है। उन्होंने बताया कि बदबूदार पानी की आपूर्ति होने के कारण वे पानी भी नहीं भरते।
लाइन लीकेज की वजह से हो रही समस्या
शहर के रविदास मंदिर मार्ग समेत शिव नगर और मीरा जी में लाइन लीकेज की समस्या है। जिसके कारण नलों से गंदा पानी लाइनों में चला जाता है, यह पानी सारे मोहल्लों में आपूर्ति होता है। इसकी वजह से ही लोगों के घरों में गंदा पानी आपूर्ति हो रहा है।
गंदे पानी से शहरवासी परेशान, लगाएंगे जाम
शहर के अधिकांश हिस्से में गंदा पानी नलों में आ रहा है। जन स्वास्थ्य विभाग इस मामले में अनजान बना हुआ है। लिखित और मौखिक शिकायत करने के बाद भी कोई समाधान नहीं हुआ। ऐसे में प्रशासन को चाहिए कि जनस्वास्थ्य विभाग से इस समस्या का हल करवाएं। वरना विभाग के खिलाफ महावीर चौक पर जाम लगाकर धरना दिया जाएगा।
यह बातें पूर्व पार्षद लक्ष्मीदेवी ने कही। उन्होंने कहा कि शहर में जगह-जगह पर पानी व सीवर की पाइप लाइन टूटी हुई है। जिसके कारण शहर भर में गंदा पानी सप्लाई हो रहा है। इसका खामियाजा लोगों को बीमारी के रूप में भुगतना पड़ रहा है। गंदे पानी के द्वारा लोगों के शरीर के भीतर आतंकवाद से भी खतरनाक कीटाणु प्रवेश कर जाते है। जो भयानक रोग पैदा कर देते है। उन्होंने बताया कि वह कई बार जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को अवगत करवा चुकी हैं। किंतु विभाग की ओर से कोई ध्यान नहीं दिया गया। गंदे पानी का यदि जल्दी से जल्दी समाधान नहीं किया गया तो शहरवासियों के सहयोग से ज स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ महावीर चौक पर जाम लगाया जाएगा।