फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दूषित पेयजल से लोग परेशान, अधिकारी अनजान

Mon, 03 Oct 2016 01:06 AM IST
ब्यूरो /अमर उजाला
विज्ञापन
पानी नहीं आने से परेशानी - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
जनस्वास्थ्य विभाग की लापरवाही के कारण शहर के मीराजी, गस्तीवाड़ा, पुरानी सराय, फौजदार कालोनी और वृंदावन कॉलोनी समेत कई मोहल्लों में एक महीने से दूषित पेयजल सप्लाई हो रहा है। लोगों के अनुसार आपूर्ति हो रहे पेयजल में कीड़े आ रहे हैं। विभाग को लिखित में शिकायत देने के बावजूद समस्या का समाधान तो दूर किसी अधिकारी ने जायजा तक नहीं लिया है।
विज्ञापन


विभाग के इस रवैये से लोगों में जन स्वास्थ्य विभाग के प्रति भारी रोष है। दूषित पेयजल आपूर्ति होने से शहर में संक्रामक बीमारी से पीड़ितों की संख्या बढ़ती जा रही है। दूसरी तरफ विभाग के अधिकारियों का कहना है कि उनको इस समस्या की कोई जानकारी नहीं है।
शहर के मोहल्ला मीराजी, गस्तीवाड़ा और पुरानी सराय निवासी बालकिशन, प्रो. भारत भूषण, हरिओम, राजेंद्र, पवन शर्मा, ओमप्रकाश, आनंद कमल, निशा देवी, पूनम यादव, मंजू लखेरा, अनीता शर्मा और किरण देवी ने बताया कि उनके मोहल्ले में नांगतिहाड़ी स्थित वाटर टैंक से पेयजल की आपूर्ति होती है। दो दिन में एक बार पानी आता है। पानी में गंदगी इतनी होती है कि अगले दिन ही उसमें कीड़े पड़ जाते हैं।
विज्ञापन



तीसरे दिन नलों में आता है पानी
मोहल्ले के लोगों ने बताया कि मीराजी, गस्तीवाड़ा और पुरानी सराय में तीसरे दिन एक घंटे के लिए पानी आता है। एक दिन सुबह छह बजे पानी आता है। इसके बाद तीसरी सुबह 10 बजे और इसके तीसरे दिन दोपहर 1 बजे पानी की सप्लाई आती है। यह पानी पीने लायक नहीं होने के कारण इन मोहल्लों में पेयजल संकट बना हुआ है। जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को बार-बार इस समस्या से अवगत करवाने के बावजूद उनकी कोई सुनवाई नही हो रही है।

टैंकर और कैंपर खरीदकर काम चला रहे लोग
मोहल्ले के लोगों का कहना है कि एक माह से नलों में गंदा पानी आ रहा है। यह पीने लायक नहीं है। लोग निजी टैंकर मंगवाकर या फिर रोजाना पानी के कैंपर खरीदकर अपना काम चला रहे हैं। इसके चलते उन्हें प्रति टैंकर 300 से 350 रुपये जेब देने पड़ रहे हैं। प्रतिदिन 20 रुपये कैंपर मोल पानी खरीदना पड़ रहा है। इससे उन्हें भारी अर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।   
 
एक दिन बाद ही पड़ जाते है पीने के पानी में कीड़े
मोहल्लावासियों ने बताया कि मोहल्ले में सप्लाई हो रहे पानी में पीलापन दिखाई देता है। भरने के बाद कुछ देर ही बाद ही पानी में बदबू आने लगती है। एक छोड़कर तीसरे दिन पानी की सप्लाई होती है, परंतु उसके अगले ही दिन उस पानी में कीड़े पड़ जाते हैं। उन्होंने बताया कि यह पूरा गंदा होता है। यह पानी तो नहाने-धोने के लायक भी नही होता।  

बढ़ रही है टाइफाइड  के  मरीजों की संख्या
गंदा पानी पीने से लोगों को अनेक जल जनित बीमारियों का सामना करना पड़ रहा है। अनेक लोगों को पीलिया की शिकायत है वहीं टाइफाइड के केस इस बार ज्यादा आ रहे हैं। गंदे पानी से लोग रोज बीमार हो रहे हैं।

अनेकों बार कर चुके हैं विभाग को शिकायत
मोहल्लावासियों ने बताया कि इस समस्या से परेशान होकर विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों को शिकायत कर चुकें है परंतु आज तक कोई समाधान नही हुआ है। विभाग को मौखिक और लिखित शिकायत दे चुके हैं परंतु विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों के कान पर जूं तक नही रेंगती। शिकायत करने पर कर्मचारियों और अधिकारियों की तरफ से केवल आश्वासन मिलता है कि अगले दिन इस समस्या को दूर कर दिया जाएगा।
 
सीएम विंडो में पर चुके हैं शिकायत
मोहल्लावासियों ने बताया कि इस समस्या से परेशान होकर इसकी शिकायत सीएम विंडो में कर चुके हैं, वहां से भी आज तक कोई समाधान नही हुआ है। उन्होंने बताया यह समस्या दिन प्रतिदिन बढ़ती ही जा रही है। जन स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन इस समस्या की तरफ ध्यान नहीं देगा तो वे मजबूर होकर जन स्वास्थ्य और जिला प्रशासन के खिलाफ आंदोलन कर अपना रोष जताएंगे।   

लोग परेशान  
मोहल्ले में गंदे पेयजल आपूर्ति से परेशान होकर उन्होंने अपने घर पर पीने के पानी के लिए दो कैंपर लगा रखे हैं। रोजाना कैंपर के पानी का ही सहारा है। - सरोज देवी

नलों से पीला रंग का पानी आता साफ दिखाई देता है। इस पानी को भरने के कुछ देर बाद ही बदबू आने लगती है। उन्होंने बताया पानी पीने लायक नहीं है। इसमें बदबू आने के कारण उन्होंनेे इसका प्रयोग करना बंद कर दिया है। - पुष्पा देवी

गंदा पानी आने के कारण उन्होंने अपने घर पर टैंकरों की सहायता लेनी शुरू कर दी है। नलों से पानी भरते समय ही उसका रंग पीला दिखाई देता है। इस समस्या से परेशान होकर टैंकरों की सहायता लेनी पड़ती है। एक टैंकर 300 से 350 रुपये का पानी लेकर अपना जीवन यावन करना पड़ता है। - सुशीला देवी

गंदे पानी के कारण लोगों को भारी परेशानी की सामना करना पड़ रहा है। मोहल्लावासी नलों में गंदा पानी आने की शिकायत विभाग के एसडीओ और सीएम विंडो में भी कर चुके हैं। एक माह के लंबे समय बाद भी यह समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है। इससे लोगों में रोष है। जल्द से जल्द समस्या का समाधान नही किया तो अधिकारियों घेराव किया जाएगा। - सुशील चौटाला

कोट  
उन्हें शहर के किसी भी मोहल्लों में गंदे पानी की आपूर्ति की शिकायत नहीं मिली है। अगर कहीं गंदा पानी आ रहा है तो वे इसकी जांच कराएंगे। जहां कहीं भी समस्या मिलेगी, उसका जल्द से जल्द समाधान करा दिया जाएगा। -जेपी वर्मा, एसडीओ शहर, जनस्वास्थ्य विभाग
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें