नारनौल। प्रदेश के महेंद्रगढ़ व करनाल जिला में महिला पुलिस वालंटियर भर्ती के फार्म में तब्दीली की गई है। शनिवार ही चंडीगढ़ से नया फार्म जारी किया गया है। यह फार्म अब पुलिस विभाग जिला के सभी पुलिस थाना व चौकियों में उपलब्ध करवाने में जुट गया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार भाजपा सरकार ने प्रदेश में महेंद्रगढ़ व करनाल जिला को पायलेट प्रोजेक्ट के तौर पर चुना है।
इन दोनों जिलों में पुलिस विभाग की ओर से महिला पुलिस वालंटियर पद की भर्ती होगी। इसमें जिला के हर गांव से एक महिला का चयन होगा। अगर गांव की आबादी 5 हजार से अधिक है तो ऐसी सूरत में दो महिला उम्मीदवारों का चयन होगा। उम्मीदवार महिला की उम्र 21 वर्ष से अधिक होनी चाहिए। महिला कम से कम 12वीं कक्षा पास हो। आवेदन करने वाली महिला पर कोई पुलिस केस लंबित नहीं होना चाहिए।
-कब, कहां, कैसे करें आवेदन
महिला पुलिस वालंटियर पद के लिए आवदेन फार्म जिला के सभी पुलिस थाना व चौकियों से ले सकते हैं। इस तिथि के बाद 10 अक्टूबर तक इन फार्मों को भरकर संबंधित पुलिस थाना या पुलिस चौकी में जमा करवाएं। इसके बाद पुलिस अधीक्षक व गठित की गई चयन कमेटी आवेदन करने वाली महिलाओं का इंटरव्यू लेगी।
चयनित महिला को दी जाएगी विशेष ट्रेनिंग
एसपी हामिद अख्तर ने बताया कि इस इंटरव्यू में चयन होने वाली महिलाओं को विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी। इसमें बीपीआर एवं डी से प्रशिक्षण हासिल करने वाले तीन मास्टर ट्रेनर की नियुक्ति की जाएगी। इसके लिए बकायदा प्रत्येक महिला को प्रति दिन के हिसाब से 450 रुपए भी मेहनताना मिलेगा। यह मास्टर ट्रेनर चयनित महिलाओं को महिला विरुद्ध अपराध और महिलाओं से संबंधित अपराध जैसे घरेलू हिंसा, दहेज, भ्रूण हत्या, यौन उत्पीडन, महिलाओं का पीछा करना इत्यादि आदि विषयों पर विशेष ट्रेनिंग देंगे। इसके बाद महिला पुलिस वालंटियर पुलिस विभाग से ताल-मेल बनाकर कार्य करेगी।
इस भर्ती के पीछे सरकार का मुख्य उद्देश्य यह भी है कि जिला महेंद्रगढ़ व करनाल में लड़कों की अपेक्षा लड़कियों की संख्या कम है। इसलिए भ्रूण हत्या करने वालों पर भी इन महिला पुलिस वालंटियर की नजर रहेगी। यहीं नहीं, चयनित होने वाली महिलाओं को दो साल तक 1000 रुपए मासिक वेतन भी पुलिस विभाग देगा।