फोटो 10सप्लाई शुरू करवाने के लिए लगाए पुराने व इस्तेमाल किए हुए पाइप। संवाद
नांगल चौधरी। वार्ड-4 में गोशाला रोड पर दो सालों से पेयजल संकट बना है। यहां पर पानी आपूर्ति के लिए दो माह पहले लाइन डाली गई थी लेकिन अभी तक कनेक्शन लगे हैं। वहीं लोगों ने पेयजल सप्लाई लाइन में पुराने जर्जर पाइप लगाने का भी आरोप लगाया है।
सोनू तंवर, सोमदत्त जांगड़ा, मनोज स्वामी, अशोक सैनी, सतपाल सैनी, बंटी स्वामी व दलीप स्वामी ने बताया कि वार्ड-4 की ढाणी प्याऊ वाली में दो वर्षों से पीने के पानी की भारी किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे बन गए हैं कि कई परिवारों को अपनी दैनिक जरूरतों को पूरा करने के लिए टैंकरों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि न तो नल के कनेक्शन है और न ही पानी सप्लाई होता है। बस यहां बनी टंकियों में टैंकरों से पानी सप्लाई किया जाता है। गर्मी का मौसम शुरू होते ही पानी की दिक्कत और ज्यादा बढ़ जाती है। सुबह और शाम के समय पानी के लिए कतारें लग जाती हैं। कई बार लोगों को दूर-दराज से पानी लाना पड़ता है।
उन्होंने बताया कि विभाग की ओर से पानी सप्लाई के लिए पाइपलाइन बिछाने तो गई हैं लेकिन अब तक उसका कनेक्शन नहीं किया गया। इससे समस्या जस की तस बनी है। साथ ही उन्होंने आरोप भी लगाया है कि पानी की सप्लाई के लिए बिछाई गई नई पाइपलाइन में कई जगह पुराने और इस्तेमाल किए हुए पाइप लगाए गए हैं।
जेई पिंकी यादव ने बताया कि शुरुआत में इस पाइपलाइन के लिए करीब 600 फुट की लंबाई का अनुमान लगाया गया था और उसी के अनुसार बजट भी तैयार किया गया था लेकिन जब काम शुरू हुआ तो वास्तविक दूरी करीब 750 फुट निकली जिसके कारण पाइप कम पड़ गए।
उन्होंने बताया कि फिलहाल लाइन को शुरू करने और वार्ड के लोगों तक पानी पहुंचाने के लिए अस्थायी रूप से कुछ पाइप लगाए गए हैं ताकि लोगों को राहत मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि तकनीकी टीम इस काम में लगी हुई है और शाम तक पाइपलाइन का कनेक्शन कर दिया जाएगा।