घोरावल क्षेत्र के एक किसान को एंटी करप्शन ब्यूरो ऑफ इंडिया का फर्जी नोटिस थमाने के मामले में पुलिस ने भाकियू जनशक्ति के प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह के विरुद्ध केस दर्ज किया है।
यह कार्रवाई एसपी के निर्देश पर हुई है। किसानों की शिकायत पर जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने भी क्षेत्रीय निरीक्षक को जांच सौंपी है।
देवरीकाठ निवासी रामकेश पाल ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि पिछले माह घोरावल कस्बा निवासी देवेंद्र सिंह उसके घर आए और एक नोटिस थमाया। एंटी करप्शन ब्यूरो की ओर से जारी इस नोटिस में बताया गया है कि धान खरीद 2023-24 में हुई जालसाजी में आपकी जमीन का विवरण पाया गया है। इसमें क्रय केंद्र घोरावल प्रथम पिपरवार को दिखाया गया है।
आरोपी ने अपना नंबर देकर संपर्क करने के लिए कहा। बताया कि मामला मैनेज करा देंगे। जो पैसा लगेगा आपको देना होगा, वरना 15 दिन के बाद आपको जेल जाना हो सकता है। देवेंद्र सिह ने इस मामले में कहा कि एंटी करप्शन ब्यूरो इंडिया नाम की संस्था से मेरा कोई संबंध नहीं है। सभी लगाए गए आरोप गलत हैं।