कनीना। उपमंडल के गांव सेहलंग में सरकारी विद्यालय के नजदीक पानी की निकासी न होने के कारण जलभराव अब कीचड़ का रूप धारण कर चुका है। ग्राम पंचायत को अनेक बार समस्या से अवगत करवाने के बावजूद समाधान नहीं हो पाया है। प्रतिदिन विद्यार्थी वर्दी पहन कर घर से निकलते है, लेकिन हर रोज किसी न किसी बच्चे की स्कूल वर्दी कीचड़ से खराब हो जाती है। गंदे पानी की समस्या से विद्यार्थियों के साथ-साथ राहगीर भी परेशान हैं। आने वाले दिनों में बरसात में और भी ज्यादा दिक्कत का सामना करना पड़ सकता है।
ग्रामीण सतपाल, सुनील, नीटू सोनी, प्रवीण नंबरदार, पवन कुमार, रामकिशन, दीपक, हिमांशु, मोनू, हरीश, कपिल, अन्नू, पंकज, राजेश ने बताया कि गांव में राजकीय विद्यालय के पास बनी हुई नाली अब कीचड़ के नाले का रूप लेते जा रही है। वहीं ग्राम पंचायत का इस और बिल्कुल ध्यान नहीं है। सरपंच को समय-समय पर इसके बारे में अवगत करवाया जाता है। सरपंच केवल आश्वासन देने का कार्य करते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि सही समय पर गांव के गंदे नालों की सफाई नहीं की तो घरों तक यह है गंदा पानी आ जाएगा।
गांव में सफाई अभियान चलाया हुआ है। मानसून आने से पहले ही सभी गंदे नालों की सफाई हो जाएगी। ग्रामीणों को किसी भी समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा।
विनीत कुमार, सरपंच, सेहलंग