सरकारी के अध्यापक के तबादले की मांग करते खामपुरा के ग्रामीण । संवाद
- फोटो : Narnol
सीहमा। खंड के गांव खामपुरा में स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय में कार्यरत प्राथमिक शिक्षक गजराज सिंह के तबादले की मांग को लेकर ग्रामीणों ने शनिवार को स्कूल की तालाबंदी कर शिक्षक के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों की शिकायत पर मौके पर पहुंचे खंड मौलिक शिक्षा अधिकारी अटेली मदनलाल भाटिया ने ग्रामीणों से शिकायत लेकर अध्यापक के खिलाफ जांच करने के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस मौके ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि स्कूल में 5 मई को अध्यापक गजराज सिंह ने दूसरी कक्षा की छात्रा को बुरी तरह से पीटा तथा उसके बाद अध्यापक से ग्रामीण व अभिभावक शिकायत करने पहुंचे तो उनसे भी बदसलूकी की । इस पर ग्रामीणों ने रणनीति बनाई और शनिवार सुबह ग्रामीणों ने अध्यापक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर स्कूल पर ताला लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। विरोध प्रदर्शन की सूचना पाकर अटेली खंड मौलिक शिक्षा अधिकारी मदनलाल भाटिया मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझा कर स्कूल का ताला खुलवाया। इसके बाद ग्रामीणों ने बीईईओ को अध्यापक के खिलाफ एक शिकायत दी। जिस पर बीईईओ ने ग्रामीणों को शिकायत की जांच करवाकर उचित कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को लिखने का आश्वासन दिया।
इस मौके पर सुरेंद्र सिंह, रवींद्र, इंद्रजीत, कर्मवीर, रामनिवास यादव, महेंद्र, नत्थूराम, बीर सिंह, अजीत सिंह, बृजलाल, धर्मपाल, दयानंद व राधेश्याम ग्रामीण उपस्थित रहे।