कनीना। गांव मोहनपुर में बिजली आपूर्ति की समस्याओं और कर्मचारियों की कमी को लेकर ग्रामीणों ने दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) के अधीक्षण अभियंता (एसई), नारनौल को पत्र लिखकर समाधान की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार बिजली फॉल्ट आने और कर्मचारियों की कमी के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदीप चौहान, सरपंच जीतराम और पूर्व सरपंच कैलाश ने बताया कि गांव में कोका एपी, रामबास एपी, भोजावास एपी और सिटी लाइट के माध्यम से बिजली आपूर्ति होती है। अलग-अलग फीडरों में तकनीकी खराबी आने से कई बार घंटों बिजली बंद रहती है। इन दिनों गेहूं और सरसों की बिजाई का समय है। ऐसे में खेतों की सिंचाई के लिए नियमित बिजली मिलना जरूरी है। बिजली बाधित होने से किसानों के कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं और आर्थिक नुकसान की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार, फिलहाल क्षेत्र में एक ही आउटसोर्स लाइनमैन कार्यरत है। उसे मोहनपुर के अलावा नांगल और इसराना गांवों की बिजली व्यवस्था भी संभालनी पड़ती है। ऐसे में शिकायतों का समय पर समाधान करना मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों ने बिजली की ढीली और लटकती तारों को दुरुस्त करने की मांग भी उठाई है।
पूर्व ब्लॉक समिति सदस्य प्रवीण, रोहतास और सुधीर सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि वे पहले स्थानीय एसडीओ से भी मिले थे। उस समय कर्मचारियों की कमी की बात कही गई थी, लेकिन समस्या बनी हुई है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि बिजली आपूर्ति नियमित की जाए और क्षेत्र में चार स्थायी लाइनमैन नियुक्त किए जाएं, ताकि तकनीकी खराबियों को समय पर ठीक किया जा सके।