सतनाली। चार माह बाद बिल भेजकर कनेक्शन काटने के लिए शुक्रवार को गांव नंगला में पहुंची बिजली निगम की टीम का ग्रामीणों ने विरोध किया। ग्रामीणों के विरोध के चलते टीम बिना कनेक्शन काटे ही लौट गई। ग्रामीणों का आरोप है कि निगम की ओर से एक माह की बजाय चार माह का बिल बनाकर सरचार्ज के साथ भेजा गया है। इसके कारण सरचार्ज के रूप में अतिरिक्त आर्थिक बोझ किसानों एवं ग्रामीणों पर पड़ा है। समय से बिल भेजते तो यह अतिरिक्त सरचार्ज नहीं लगता। बिजली निगम की ओर भारी सरचार्ज भी लगा दिया। अब अधिकारी लिस्ट बनाकर ग्रामीणों के बिजली कनेक्शन काटने के लिए पहुंच गए।
समाजसेवी बलवान फौजी, कैलाश सिंह, श्रवण सिंह, हजारी सिंह, रणवीर सिंह, ओम प्रकाश रणधीर सिंह, मनरूप, रविंद्र सिंह, विजय सिंह, धर्मबीर सिंह, सूरजभान शर्मा, जगदीश प्रसाद, रविंद्र कुमार, रवि, महेंद्र सिंह, बिजेंद्र, सुभाष पंच, नरेश कुमार, रामचंद्र, दिनेश कुमार, कमल, सुरेंद्र सिंह, गोविंद, सोमबीर शेखावत, राजबीर, उमेद, जगदीश व ईश्वर सिंह ने बताया कि निगम की टीम विरोध के चलते लौट गई। ग्रामीणों ने निगम की टीम को मांग पत्र सौंपते हुए बिल ठीक करके ग्रामीणों के पास भेजने की बात कही। बलवान फौजी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में एक माह में बिजली के बिल आते हैं। लेकिन गांव नंगला में इस बार बिजली निगम की ओर से ग्रामीणों को चार माह का बिजली बिल दिया गया है। बिजली बिल में 500 से लेकर एक हजार रुपये का सरचार्ज भी जोड़ दिया गया है, यह निगम के कर्मचारियों की लापरवाही है तथा खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है। कुछ किसानों के पास वीरवार को निगम को मैसेज आया हैं। बिजली निगम अपनी गलती ग्रामीणों पर थौप रहा हैं। यह बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब दो माह का बिजली बिल आता है तो 250 से 500 रुपये स्लैब के अनुसार यूनिट दर बिजली बिल आता हैं। लेकिन एक साथ चार माह बिजली बिल आने में स्लैब से पांच से छह रुपये हो गया है, अगर बिजली निगम ने ग्रामीणों का बिजली बिल ठीक करके नहीं भेजा तो ग्रामीणों के साथ मिलकर आंदोलन किया जाएगा। बिजली बिल ठीक करके भेजे जाएं तो वह भरने के लिए तैयार हैं।
निगम के नियमानुसार उपभोक्ताओं के बिल भेजे गए हैं। कुछ उपभोक्ता डिफाल्टर हैं या लंबे समय से बिल उनकी तरफ बकाया है। निगम की ओर से ऐसे उपभोक्ताओं के बिल जमा कराने के लिए सहयोग की अपील की जा रही है। विभाग के नियमानुसार ही उपभोक्ताओं के बिल बन रहे हैं। पिछले कुछ समय पहले निगम के कुछ कर्मचारियों की स्ट्राइक के चलते कुछ गांवों में तय समय पर बिल नहीं भेजे जा सके थे लेकिन यह बिल यूनिट के हिसाब से हैं इनमें कोई अतिरिक्त चार्ज नहीं जोड़ा गया है।
- राजेश शर्मा, अधिकारी, बिजली निगम, सतनाली।