नारनौल। जनसंवाद कार्यक्रर्मों में सरपंच व आमजन की ओर से रखी गई जिला परिषद से संबंधित मांगों पर पार्षदों की सहमति से काम करवाया जा सकता है। अगर पार्षद अपने वार्डों में इन कार्यों को करवाना चाहते हैं तो वे अपनी सहमति दे सकते हैं। यह बात एडीसी वैशाली सिंह ने शुक्रवार को पंचायत भवन में जिला परिषद की साधारण बैठक में कही। इस बैठक की अध्यक्षता जिला परिषद के अध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार ने की।
बैठक में एडीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला परिषद की ओर से होने वाले कार्यों के बारे में संबंधित वार्ड के पार्षदों को जानकारी दी जाए। संबंधित जेई या एसडीओ कार्य के बारे में पार्षद को सूचित करें। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। कहीं भी निर्धारित मापदंड के अनुसार कार्य नहीं होगा तो उस कार्य को दोबारा से करवाना संबंधित ठेकेदार की जिम्मेदारी है। एडीसी ने कहा कि हरियाणा स्टेट एग्रीकल्चर मार्केटिंग बोर्ड की 94 सड़कें जिला परिषद को ट्रांसफर होनी है। फिलहाल इन सड़कों पर सर्वे का कार्य चल रहा है। जिन सड़कों की मरम्मत की जरूरत होगी, उन पर फंड आने के बाद कार्य शुरू किया जाएगा। यह खर्च भी हाउस की सहमति से ही होगा।
इस बैठक में जिला परिषद का वर्ष 2023-24 में प्राप्त होने वाले बजट एवं खर्च के संबंध में सदन में विचार विमर्श किया और मंजूरी दी। सभी पार्षदों को वर्ष 2023-24 में वर्तमान में उपलब्ध फंड के अनुसार विकास कार्यों के बारे प्रस्ताव मांगे। बैठक में डीडीपीओ आशीष मान व एक्सईएन पंचायती राज दिवाकर कुमार के अलावा अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
पिछली बैठकों में मंजूर कार्य नहीं होने पर पार्षदों ने किया बहिष्कार
जिला परिषद की बैठक में कुछ पार्षदों द्वारा पिछली बैठकों में मंजूर हुए कार्य नहीं होने के विरोध में बैठक का बहिष्कार किया। जानकारी के अनुसार शुक्रवार को हुई बैठक में 19 में से 3 पार्षद अनुपस्थित रहे, जबकि 11 पार्षदों ने पिछली बैठकों में मंजूर हुए कार्य के विरोध में बैठक छोड़कर बाहर आ गए। पार्षदों का कहना था कि पिछले पिछले कार्य भी अभी तक नहीं हो पाए है। ऐसे में उक्त बैठक का कोई औचित्य नहीं बनता। वहीं जिला परिषद के चेयरमैन डॉ. राकेश यादव ने कहा कि बैठक में सभी पार्षद उपस्थित रहे। जिन पार्षदों ने अपनी बात रखी है उनकी बात सुनी गई है। पार्षद अपनी-अपनी बात रखकर ही बैठक से बाहर गए है।