फोटो संख्या:62- शंकर मार्केट में सड़क के दोनों तरफ वाहन लगने से लगा जाम---संवाद
महेंद्रगढ़। शहर में पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था न होने से यातायात प्रभावित हो रहा है। खरीदारी के लिए आने वाले लोग वाहन बाजार में सड़क किनारे खड़े कर देते हैं जिससे आवागमन के लिए जगह कम रह जाती है। त्योहारी सीजन में भीड़ बढ़ने से जाम की समस्या गंभीर हो रही है। इसके बावजूद नगर पालिका ने वैकल्पिक पार्किंग की व्यवस्था नहीं की है।
शहर में कहने को सिर्फ तीन पार्किंग स्थल हैं लेकिन तीनों बेहाल हैं। किला के पास बनी पार्किंग में करीब 80 वाहन खड़े हो सकते हैं, मगर डिस्पोजल कार्य के कारण निर्माण सामग्री पड़ी है। नगर पालिका ने यहां दो व्यक्ति तैनात कर पर्ची सिस्टम लागू किया था, पर अब सारी व्यवस्था धराशायी हो गई है।
बालाजी चौक की पार्किंग में रेहड़ी चालक अपनी रेहड़ी लगा लेते हैं जिससे वाहन खड़ा करने की जगह नहीं बचती। नगर पालिका के सामने बनी पार्किंग में जगह अच्छी है लेकिन वहां जर्जर वाहन जंग खा रहे हैं और कचरा फैला है। इसलिए चालक यहां वाहन नहीं खड़े करते।
मजबूरी में लोग सड़क किनारे वाहन खड़े करते हैं। बाजारों में दोनों तरफ वाहन खड़े होने से सड़क संकरी हो जाती है और आमने-सामने से आने वाले वाहनों को निकलने में दिक्कत होती है।
- वर्जन:
पार्किंग शुरू की थी और कर्मचारी तैनात किए थे। पर्ची से बचने के लिए लोगों ने वाहन खड़े करने बंद कर दिए। इसके बाद पार्किंग व्यवस्था नहीं चल पाई। अब त्योहार को देखते हुए पार्किंग व्यवस्था की जाएगी। 30 अक्तूबर तक तीनों पार्किंग स्थल सफाई के साथ दुरुस्त करा दिए जाएंगे।
-रमेश सैनी, चेयरमैन, नगर पालिका, महेंद्रगढ़
फोटो संख्या:62- शंकर मार्केट में सड़क के दोनों तरफ वाहन लगने से लगा जाम---संवाद