फोटो नंबर-04पुरानी अनाज मंडी की रामलीला में जमीन से पांच फुट उपर हवा में लक्ष्मण से विलाप क
नारनौल। पुरानी अनाज मंडी स्थित श्री कृष्णा ड्रैमेटिकल क्लब के रंगमंच पर भगवान नारायण सेवा संस्था की ओर से आयोजित रामलीला के 12वें दिन सुलोचना महल, लक्ष्मण शक्ति और लक्ष्मण-मेघनाद युद्ध की लीला का मंचन किया गया। कलाकारों के दमदार अभिनय और युद्ध के रोमांचक दृश्यों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
मंचन में दिखाया गया कि मेघनाद लक्ष्मण को पराजित करने में असफल रहने पर उन पर शक्ति बाण चला देता है। बाण लगते ही लक्ष्मण मूर्छित होकर गिर पड़ते हैं। भाई की हालत देखकर श्रीराम व्याकुल हो उठते हैं। इसके बाद सुषेण वैद्य के परामर्श पर हनुमान संजीवनी बूटी लेने जाते हैं। संजीवनी लेकर लौटने और उसके प्रभाव से लक्ष्मण के होश में आने पर दर्शकों ने तालियां बजाकर कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।
इससे पहले सुलोचना महल की लीला में पति मेघनाद की विजय और लंबी आयु की कामना करती सुलोचना के भावपूर्ण संवादों ने दर्शकों को भावुक कर दिया। पूरे मंचन के दौरान दर्शक रामलीला के प्रसंगों से जुड़े रहे।