नारनौल। एचएसएनसीबी यूनिट रेवाड़ी की टीम ने मंगलवार देर रात 1920 प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल के साथ मनोज उर्फ गुंगा और संजय कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मंगलवार शाम शाम पुलिस को सूचना मिली कि दो युवक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सिंघाना की ओर से नशीली गोलियां लेकर नारनौल आ रहे हैं। सूचना को विश्वसनीय मानते हुए पुलिस टीम ने तुरंत नारनौल-सिघाना रोड पर जेठू बाबा सर्विस स्टेशन के पास नाकाबंदी कर दी।
कुछ समय बाद संदिग्ध बाइक को रोककर जांच की गई। बाइक सवारों की पहचान मनोज शर्मा उर्फ गुंगा निवासी बास मोहल्ला नारनौल और संजय कुमार निवासी निहालपुरा, कोटपुतली-बहरोड़ (राजस्थान) के रूप में हुई। पुलिस ने नियमानुसार दोनों को नोटिस दिया और उनकी सहमति पर राजपत्रित अधिकारी नायब तहसीलदार लच्छीराम को मौके पर बुलाया गया।
राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में तलाशी लेने पर बाइक पर रखे बैग से 8 डिब्बों में भरे ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद हुए। प्रत्येक डिब्बे में 10-10 स्ट्रिप थीं और कुल 80 स्ट्रिप में 1920 कैप्सूल पाए गए। पुलिस के अनुसार इनका कुल वजन करीब 1 किलो 8 ग्राम है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।