फोटो नंबर- 14डिपो से राशन प्राप्त करने के लिए लाइन में खड़े लोग।फाइल फोटो
नारनौल। राशन वितरण व्यवस्था में अब बदलाव किया गया है। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम और सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत अब लाभार्थियों को दो माह का राशन एक साथ दिया जाएगा। नई व्यवस्था के अनुसार जुलाई माह में ही जुलाई और अगस्त दोनों महीनों का राशन उपलब्ध कराया जाएगा। इसके बाद अगस्त माह में जुलाई का राशन नहीं मिलेगा।
जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के डिस्ट्रीब्यूशन इंचार्ज कुलदीप शर्मा ने बताया कि सरकार ने पूरे साल को छह द्विमासिक चक्रों में बांट दिया है। इनमें जनवरी-फरवरी, मार्च-अप्रैल, मई-जून, जुलाई-अगस्त, सितंबर-अक्तूबर और नवंबर-दिसंबर शामिल हैं। अब इसी व्यवस्था के अनुसार खाद्यान्न का आवंटन, उठान और वितरण किया जाएगा।
नई व्यवस्था का उद्देश्य राशन वितरण को समय पर पूरा कराना है। प्रत्येक द्विमासिक चक्र का राशन आवंटन उससे पहले वाले चक्र के महीने के पहले सप्ताह में जारी किया जाएगा, ताकि उचित मूल्य की दुकानों तक समय पर खाद्यान्न पहुंच सके।
विभाग की ओर से यह भी निर्देश दिए गए हैं कि प्रत्येक चक्र के पहले महीने में ही राशन वितरण पूरा कर लिया जाए, ताकि दुकानों पर लंबे समय तक अतिरिक्त स्टॉक जमा न रहे और अगले चक्र के राशन के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध रहे।
यदि किसी कारण से तय समय में राशन का उठान नहीं हो पाता है तो जिला अधिकारियों को इसकी वजह बताते हुए विभाग को प्रस्ताव भेजना होगा। इसके बाद जरूरत के अनुसार उठान अवधि बढ़ाने पर फैसला लिया जाएगा।