फोटो नंबर-19अतिक्रमण हटाने के बाद चौड़ा हुआ रेस्ट हाउस रोड़। संवाद
नारनौल। शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए नगर परिषद ने मंगलवार देर शाम अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। पीडब्ल्यूडी रेस्टहाउस मोड़ से पुरानी कचहरी मार्ग तक सड़क किनारे लगी फल-सब्जी की रेहड़ियां और अस्थायी दुकानें हटाई गईं। अवैध कब्जे हटाने के बाद लंबे समय से संकरे नजर आ रहे मार्ग ने फिर से खुला दिखने लगे।
यह मार्ग शहर के व्यस्त रास्तों में शामिल है। सड़क किनारे दुकानों और रेहड़ियों के कारण यहां अक्सर जाम की स्थिति बनती थी। वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। स्थानीय लोगों की शिकायतों के बाद नगर परिषद ने यह कदम उठाया।
नगर परिषद पहले भी इस मार्ग से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर चुकी है। करीब चार वर्ष पहले रेहड़ी चालकों को हटाकर चितवन वाटिका में स्थान दिया गया था।
बाद में वहां पार्क निर्माण शुरू होने पर उन्हें तालाब बहादुर सिंह रोड से गोपाल गोशाला मार्ग पर जगह दी गई लेकिन धीरे-धीरे अधिकांश विक्रेता दोबारा पुराने स्थान पर लौट आए। कार्रवाई के बाद रेहड़ी चालकों में रोजगार प्रभावित होने को लेकर नाराजगी रही।
वर्जन:
शहर में अवैध कब्जों व अतिक्रमण पर समान रूप से कार्रवाई की जा रही है। इसलिए लोग समय रहते अपने अतिक्रमण व अवैध कब्जे हटा ले अन्यथा नगर परिषद द्वारा कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
-जोगेंद्र सिंह कालीरामणा, कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद, नारनौल