सीआईए ने प्लाट के नाम पर टीचर से मारपीट व पिस्टल दिखाकर 16 लाख रुपये लूटने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान योगेंद्र निवासी उनिंदा व विक्रांत निवासी डोहर कला के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को शनिवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने उन्हे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि बेगपुर निवासी सरकारी स्कूल के शिक्षक संदीप ने 18 फरवरी को अटेली थाना पुलिस में शिकायत दी थी। इसमें बताया था कि अटेली मंडी में एक प्लाट ले रखा था। जिसकी रजिस्ट्री नहीं हुई थी। आरोपी योगेंद्र ने कहा था कि तीन लाख रुपये में रजिस्ट्री करा देंगे। इस पर आरोपी विक्रांत ने हामी भरी थी। 15 फरवरी को प्लाट पैसा, खुद का कमीशन व अन्य खर्चा मिलाकर 20 लाख रुपये की मांग की। इस पर संदीप 16 लाख रुपये नकद व चार लाख रुपये के चेक लेकर योगेंद्र के अटेली ऑफिस पहुंचा। जहां पर आरोपियों समेत अन्य ने पीड़ित से मारपीट कर 16 लाख रुपये पिस्टल दिखाकर लूट लिया था। सीआईए नारनौल ने शुक्रवार की शाम योगेंद्र को देर शाम धारूहेड़ा से तो विक्रांत को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया।