संवाद न्यूज एजेंसी
नांगल चौधरी। क्षेत्र के गांव सिरोही बहाली के नजदीक स्थित पेट्रोल पंप को लेकर विवाद हो गया है। इस मामले में दो दिन पहले देर रात के समय एक गुट ने कब्जा करने के मकसद से हवाई फायरिंग कर दहशत फैला दी। इस मामले में अभी मामला दर्ज नहीं किया गया है। फायरिंग की घटना सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई है। शिकायतकर्ता ने एसपी कार्यालय में शिकायत कर दी है।
इसके अलावा आरोपी पक्ष के विरुद्ध चंडीगढ़ में कुछ दिन पहले ही धोखाधड़ी का मामला भी दर्ज करवाया हुआ है। शिकायत कर्ता अभिनव ने शिकायत में बताया कि एक अक्तूबर की रात उसका ससुर अपने भतीजों व कुछ आपराधिक प्रवृति के लोगों के साथ पेट्रोल पंप पर आए और उनके साथ गाली गलौज करने के साथ मारपीट की है।
उसका आरोप है कि आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने अपने साथ लाए हथियारों से देर रात को फायरिंग भी की। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। शिकायत कर्ता ने सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को उपलब्ध करवाई है।
नांगल चौधरी थाना प्रभारी भगत सिंह ने कहा कि हमारे पास फायरिंग से संबंधित कोई जानकारी नहीं है। न ही कोई शिकायत आई है। शिकायत आई तो कार्रवाई की जाएगी।