फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मालगाड़ी की चपेट में आने से 24 गोवंश की मौत

Tue, 17 Jan 2017 11:53 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
गोवंश को दफनाते लोग
विज्ञापन
बीकानेर दिल्ली ट्रैक पर लोहारू के निकटवर्ती रेलवे स्टेशन नांवा डिगरोता के गांव नांगलमाला रेलवे फाटक के पास मंगलवार अल सुबह मालगाड़ी की चपेट में आने से 24 गोवंश के चिथड़े उड़ गए। इसमें 10 गाय और 14 बैल थे। ट्रेन की चपेट में आने पर गोवंश में मची भगदड़ की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। हादसे में बाद जब मालगाड़ी रुकी तो गोवंश की दशा देखकर मालगाड़ी का चालक बेहोश हो गया। हादसे के बाद अन्य ड्राइवर मालगाड़ी को चलाकर ले गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक हामिद अख्तर के अलावा लोहारू जीआरपी प्रभारी कृष्ण कुमार अपने स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने डीएसपी को स्थानीय लोगों के साथ गोवंश दफनाने के निर्देश दिए। एसपी ने कहा कि बचे गोवंश को गोसेवा अध्यक्ष मंगल सिंह से बातचीत कर गोशालाओं में भिजवाया जाएगा। हादसे की सूचना मिलते ही कैबिनेट मंत्री रामबिलास शर्मा के अनुज राजेंद्र शर्मा, पूर्व जिला प्रमुख सुरेंद्र कौशिक के अलावा गांव नांगल माला के ग्रामीणों के अलावा अन्य लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे। मृत गोवंश को दफनाने में तहसीलदार दिनेश कुमार और नायब तहसीलदार मुकेश ने मदद की। पशुपालन विभाग के डॉक्टरों के अनुसार हादसे में 24 गोवंश की मौत हुई जबकि लोहारू जीआरपी प्रभारी कृष्ण कुमार के अनुसार मालगाड़ी की चपेट में करीब 30 गोवंश आए हैं।
विज्ञापन

गांव नांगल माला फाटक के पास मंगलवार अल सुबह बड़ी संख्या में गोवंश रेलवे लाइन से जेरपुर गांव की तरफ जा रहा था। गांव नांगल माला मोड़ पर मालगाड़ी के आने की आवाज सुनकर गोवंश में भगदड़ मच गई। दोनों तरफ दीवार और मिट्टी के टीले होने के कारण गोवंश भाग नहीं पाया। इस हादसे में गोवंश के चिथड़े उड़ गए। कुछ गोवंश इंजन में फंसकर 200 मीटर तक घिसटती चली गई। गोवंश की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण भागकर रेलवे ट्रैक की तरफ दौड़े। लोगों ने मालगाड़ी में फंसी और ट्रैक पर पड़े गोवंश को वहां से हटाया। करीब डेढ़ घंटे बाद ही मालगाड़ी आगे को रवाना हुई। सुबह मामले की जानकारी मिलते ही सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंचे। गोवंश हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन में भी हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक हामिद अख्तर, एसडीएम विक्रम सिंह, तहसीलदार दिनेश कुमार, डीएसपी बिरम सिंह, नायब तहसीलदार मुकेश कुमार, महेंद्रगढ़ थाना प्रभारी कैलाश चंद मौके पर पहुंचे। इसके बाद प्रशासन ने जेसीबी और ग्रामीणों की सहायता से गोवंश को दफनाया। समतानाथ गोशाला के उपप्रधान बालकिशन शर्मा, खुडाना गोशाला के प्रधान राकेश तंवर, धोलपोश गोशाला, आदर्श गोशाला सहसचिव दीवान सिंह, प्रदीप गोयल और अन्य गोशालाओं के पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने गोवंश को ट्रैक से हटवाने में मदद की।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ड्राइवर अनिल कुमार मालगाड़ी से उतर कर नीचे आया तो गोवंश की हालत देखकर बेहोश हो गया। गाड़ी में उसके साथी उसे होश में लाए। इसके बाद करीब डेढ़ घंटे बाद दूसरा चालक कर्मवीर पूनिया मालगाड़ी को लेकर गया। गाड़ी में गार्ड मुकेश कुमार थे।
विज्ञापन


 दस गायों और 14 बैलों की हुई मौत
पशु चिकित्सक डॉ. राधेश्याम ने बताया कि 24 गोवंश की मौत हुई है। इसमें 10 गाय और 14 बैल थे। इनमें से एक गाय गर्भवती थी जो कुछ दिनों बाद बयाने वाली थी। इसके अतिरिक्त एक घायल बछड़े का इलाज कर गोशाला भिजवा दिया गया। मृत गोवंश को दफना दिया गया है। यहां सतनाली के पशु चिकित्सक विनोद श्योराण, महेंद्रगढ़ से पशु चिकित्सक ईशांत भी मौजूद रहे।
 
ग्रामीणों ने की गोवंश गोशाला भिजवाने की मांग
 नांगलमाला गांव के सरपंच अजय कुमार, नवरतन, राजकरण, ओमशिव, आनंद पंच, लालचंद पंच, सुरेंद्र आदि ने बताया कि आसपास गांवों में लगभग 150 से 200 गोवंश आवारा घूमती हैं। ये गायें रास्ते में चलने वालों को सींग भी मारती हैं। उन्होंने बताया कि गायें रात्रि को किसानों की फसलों को भी नुकसान पहुंचाती हैं। 4-5 रोज पहले गायों को पकड़वाने के लिए महेंद्रगढ़ एसडीएम विक्रम सिंह आईएएस से परमिशन भी ली थी। उन्होंने परमिशन को अप्रवूल दे  दी थी। अब वो एक प्लानिंग के तहत जाल आदि के द्वारा गायों को पकड़ेंगे और गोशालाओं में भिजवाएंगे। इस मामले में उन्होंने प्रशासन से सहयोग की मांग भी की है।
 
वर्जन:
डीएसपी बिरम सिंह मामले में कार्रवाई कर रहे हैं। ग्रामीणों ने बाहर घूम रहे लावारिस गोवंश को गोशालाओं में भिजवाने की मांग की है। उसके लिए हरियाणा गो सेवा आयोग के अध्यक्ष मंगल सिंह से बातचीत करेंगे और गोवंश को गोशालाओं में भिजवा दिया जाएगा। - पुलिस अधीक्षक हामिद अख्तर।

ट्रेन की चपेट में गोवंश की मृत्यु का समाचार मिला है। आयोग जल्द ही अभ्यारण्य बनाकर गोवंश को उनमें रखेगी। जो गोशालाएं टैग लगाने के बाद गोवंशों को बाहर छोड़ रहे हैं उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। गोवंश की रक्षा के लिए सीएम से आज भी मुलाकात हुई थी। सीएम ने मुझे आश्वासन दिया है कि जल्द ही शेष अभ्यारण्य पर काम शुरू हो जाएगा। - भानी सहाय मंगला, हरियाणा गोसेवा आयोग अध्यक्ष
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें