महेंद्रगढ़। हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेंवि) महेंद्रगढ़ की ओर से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जांट के 33 विद्यार्थियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया। विवि के कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने देश के सतत विकास के लिए आधुनिक वैज्ञानिक विधियों को अपनाने और उन्नत उपकरणों के उपयोग के महत्व पर जोर दिया।
विश्वविद्यालय के शोध अधिष्ठाता प्रो. पवन कुमार शर्मा ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम अगले 23 सप्ताह तक चलेगा। इसमें प्रत्येक सप्ताह विभिन्न विद्यालयों के कक्षा 11वीं, 12वीं और स्नातक विद्यार्थी प्रतिभागिता करेंगे। कार्यक्रम के अंतर्गत एक हजार विद्यार्थियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। विश्वविद्यालय के बायोटेक्नोलॉजी विभाग में सहायक आचार्य और बायोटेक्नोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. रुपेश देशमुख और डॉ. हुमीरा सोनाह ने विद्यार्थियों को डीएनए निष्कर्षण की प्रक्रिया के बारे में एक विस्तृत परिचय दिया। विद्यार्थियों ने व्यावहारिक प्रशिक्षण में प्रतिभागिता की। विद्यार्थियों ने नीम, गुलाब, अशोक और चमेली के पत्तियों से डीएनए निकालने का प्रशिक्षण लिया।