फोटो नंबर-21पार्क रोड गली में दुकानों के बाहर बने चबूतरे व रखा सामान। संवाद
नारनौल। शहर की पार्क गली में लंबे समय से चले आ रहे अवैध निर्माण और अतिक्रमण को लेकर नगर परिषद ने अब सख्त रुख अपना लिया है। दुकानदारों को रविवार शाम तक स्वयं अतिक्रमण हटाने का समय दिया था लेकिन समय सीमा पूरी होने के बाद भी अधिकांश दुकानदारों ने कब्जे नहीं हटाए। इसके बाद अतिक्रमण हटाने की तैयारी शुरू कर दी है।
नोटिस चस्पा कर दुकानदारों को चेतावनी दी गई थी कि वे सार्वजनिक भूमि से अपना सामान और अवैध निर्माण हटा लें। अधिकारियों ने बताया कि अतिक्रमण के कारण केवल जाम की समस्या ही नहीं बढ़ रही, बल्कि नालों की सफाई भी प्रभावित हो रही है।
कई स्थानों पर नालों के ऊपर स्थायी कब्जे होने से बरसात के समय पानी की निकासी रुक जाती है और जलभराव की स्थिति पैदा हो जाती है। इस समस्या के समाधान के लिए नगर परिषद पूरी पार्क गली में स्टॉर्म वॉटर लाइन बिछाने की योजना पर काम कर रही है। इसके लिए पहले अतिक्रमण हटाना जरूरी है।
वहीं, शहर के प्रमुख मार्ग महावीर मार्ग पर भी बढ़ते अतिक्रमण को लेकर लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि सड़क किनारे कब्जों के कारण रोजाना जाम लगता है और पैदल चलने वालों को परेशानी होती है।
नगर परिषद ने पहले पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस रोड और रेवाड़ी रोड पर कार्रवाई की थी लेकिन महावीर मार्ग पर अभी प्रभावी अभियान नहीं चल पाया है।
शहरवासियों ने मांग की है कि नगर परिषद पूरे शहर में बिना भेदभाव के अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाए, ताकि यातायात व्यवस्था बेहतर हो और जलनिकासी जैसी समस्याओं का स्थायी समाधान हो सके।
वर्जन:
पार्क रोड गली में अगर अतिक्रमण नहीं हटा है तो अब वहां किसी भी समय नप द्वारा कार्रवाई अमल में लाई जा सकती है। पार्क रोड गली के बाद महावीर मार्ग से आजाद चौक तक का भी अतिक्रमण हटवाया जाएगा। -जोगेंद्र सिंह कालीरामण, कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद, नारनौल