साबइर ठग ने 81 वर्षीय पूर्व खंड शिक्षा अधिकारी को बातों में उलझाकर उनके बैंक खाते से तीन बार में 75 हजार रुपये निकाल लिए। पूर्व खंड शिक्षा अधिकारी ने महेंद्रगढ़ शहर थाना में शिकायत देकर अज्ञात के खिलाफ शिकायत दी है ।
मोहल्ला शेरागुवाड़ी निवासी भगवतस्वरूप गोयल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि साबइर ठग ने केवाईसी बनवाने के लिए 7 मार्च को मोबाइल पर संदेश भेजा था। केवाईसी नहीं अपडेट नहीं होने के कारण खाता ब्लाक होने की बात कही थी। उसने फोन पर संपर्क किया तो साइबर ठग ने बताया कि आप चाहे तो नेट बैंकिंग से भी केवाईसी करवा सकते हैं। इसके बाद ठग ने उसे झांसे में लेकर खाता, एटीएम कार्ड के अलावा अन्य जानकारी ले ली। 8 मार्च को साइबर ठग ने फोन कर जानकारी दी कि आपका पिन कोड बदल दिया है और आपके एटीएम का पुराना पिन नंबर रद्द हो गया है। वह उसकी बातों में आकर अपना पिन नंबर बता दिया। साइबर ठग ने उसके एसबीआई महेंद्रगढ़ खाते से तीन बार में 25-25 हजार करके कुल 75 हजार रुपये निकाल लिए। जब वह 11 मार्च को अपनी पासबुक अपडेट करवाने के लिए गया तो उसके खाते से 75 हजार रुपये गायब मिले। बुजुर्ग ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर अज्ञात ठग के खिलाफ मामला दर्ज कर राशि वापस दिलाने की मांग की।