होटल पर पुलिस कार्रवाई करती हुई।
- फोटो : Narnol
लॉकडाउन के दौरान एक होटल संचालक ने चोरी छिपे प्रेमी जोड़े को बिना रजिस्टर में एंट्री करवाए कमरा उपलब्ध करवा दिया था। सूचना मिलने पर पुलिस ने छापा मारकर आरोपियों को गिरफ्तार कर धारा 188 के तहत मामला दर्ज किया है। बाद में तीनों को जमानत मिल गई।
जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली कि रेवाड़ी रोड स्थित एक होटल का मुख्य गेट तो बंद है, लेकिन पीछे के दरवाजे से प्रेमी जोड़ों को कमरे उपलब्ध करवाएं जा रहे हैं। रविवार को लगभग सुबह 11 बजे पुलिस टीम ने होटल पर छापा मारा तो एक कमरे में प्रेमी जोड़ा मिला। जबकि दूसरे कमरे में बैठे कुछ युवक भागने में कामयाब हो गए। पूछताछ में होटल मालिक सुधीर कुमार यादव कमरे में होने की ना तो कोई वजह बता पाया और न ही रजिस्टर में कोई एंट्री दिखा पाया। पुलिस ने प्रेमी जोड़े और सुधीर कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। बाद में उन्हें जमानत पर छोड़ दिया गया।
एसएचओ संतोष कुमार ने बताया कि सरकार के लॉकडाउन के दौरान होटल बंद करने के आदेश दिए थे, इसके बाद होटल चल रहा था। धारा 188 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस प्रवक्ता नरेश कुमार के अनुसार आरोपी सुधीर ने पूछताछ में बताया कि होटल रवि गुप्ता व करतार सिंह से किराए पर ले रखा। रवि यादव व लोकेश के साथ मिलकर चला रहा है। अब पुलिस जांच में जुटी हैं कि लॉकडाउन के चलते यह होटल चोरी छिपे कब से ऐसा चल रहा था। दो अन्य संचालकों से भी पूछताछ करके गिरफ्तार किया जाएगा।