महेंद्रगढ़। गांव मेघनवास में बुधवार देर रात चोरों ने एक ही गली के पांच घरों को निशाना बनाया। इनमें से तीन घरों से बदमाश नकदी और सोने-चांदी के जेवर लेकर भाग गए। वारदात के दौरान परिवार के सदस्य गहरी नींद में सो रहे थे और उन्हें चोरी की भनक तक नहीं लगी।
पीड़ित रामअवतार, संजीव, अनिल और महावीर के घर चोरों ने सुनियोजित तरीके से घरों में प्रवेश किया और पूरे मकान को खंगाल डाला। एक घर में तो चोरों ने फर्श की टाइल के नीचे बनी तिजोरी भी खोज निकाली। तिजोरी में रखे जेवर भी चोरी कर लिए गए।
वारदात को अंजाम देने के बाद चोरों ने बाहर से दरवाजों की कुंडी लगा दी। वीरवार सुबह जब परिजनों की आंख खुली तो वे बाहर नहीं निकल पाए। अन्य लोगों की मदद से बाहर आने पर घरों का सामान बिखरा मिला और नकदी व जेवर गायब थे। घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और पुलिस को जानकारी दी गई। सदर थाना पुलिस और सीआईए टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
-
किस घर से क्या सामान हुआ चोरी
रामअवतार के घर से एक मंगलसूत्र (सोने की चेन), छह सोने के टॉप्स, दो सोने की अंगूठी, चार सोने की चूड़ी और चार जोड़े चांदी की पाजेब चोरी हुई। उनके घर से लगभग 17000 रुपये की नकदी भी चुराई गई। चोरों ने कमरे में रखी तिजोरी तोड़कर इस वारदात को अंजाम दिया। इस घर से चोरी हुए सामान की कुल लागत लगभग 20 लाख रुपये आंकी गई है। संजीव के घर से अलमारी और पेंट की जेब से 8000 रुपये नकदी चुराए गए। अनिल के घर से एक सोने का मंगलसूत्र, एक जोड़ा बाली, लौंग और चांदी के तीन जोड़े पाजेब चोरी हुए। अनिल के घर से 2500 रुपये की नकदी भी गायब हुई। महावीर के घर से एक घड़ी चुराई गई, जिसकी अनुमानित कीमत 4000 रुपये है।
सीसीटीवी में कैद हुए संदिग्ध
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाली। प्रारंभिक जांच में रात के समय करीब आठ संदिग्ध युवक गांव की गलियों में घूमते हुए दिखाई दिए हैं। पुलिस अब इन संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है। उनके आने-जाने के रास्तों का भी पता लगाया जा रहा है।
वर्जन:
घटना का मौका मुआयना किया गया है और अब सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी है। जल्द ही आरोपी पुलिस गिरफ्त में होंगे।
-रमेश कुमार, सदर थाना प्रभारी, महेंद्रगढ़
फोटो संख्या:70- मेघनवास में मौके पर कार्रवाई करती पुलिस--संवाद