नारनौल। क्षेत्र में मौसम शुष्क और साफ बना हुआ है। अधिकतम तापमान में 0.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई और न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे बने हुए हैं।
दो अप्रैल को एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण 3 व 4 अप्रैल को क्षेत्र में बादलवाही रहेगी। इस दौरान बारिश की संभावना बहुत कम है और कुछ स्थानों पर छिटपुट बूंदाबांदी हो सकती है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि अप्रैल महीने में भी करीब 5-6 पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिस कारण मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। उन्होंने बताया कि अप्रैल माह में तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी व 7 से 8 अप्रैल के बाद अधिकतम तापमान 40.0 डिग्री पार कर जाएगा और तेज गति से गर्म हवाएं भी चलेंगी।
उन्होंने बताया कि अप्रैल माह में बारिश सामान्य से अधिक रहने और आंधी चलने की संभावना बनी हुई है। मंगलवार को नारनौल का न्यूनतम तापमान 12.0 और अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।