फोटो नंबर-06नहरी पानी नहीं आने से सूखा रेवाड़ी रोड का वाटर टैंक। संवाद
नारनौल। क्षेत्र में अब तक नहरी पानी नहीं आने के कारण रेवाड़ी रोड स्थित वाटर टैंक खाली हो गए हैं। वहीं महेंद्रगढ़ रोड स्थित वाटर टैंक में केवल एक दिन का पानी बचा है। नहरी पानी नहीं आने के कारण शहर में पानी के लिए हाहाकार मच सकता है।
जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की मानें तो अभी नहर आने की केवल उम्मीद ही जताई जा रही है। इसके आने का अभी कोई निश्चित समय नहीं है। अब राशनिंग किया पानी भी खत्म हो चुका है। पानी की कमी के चलते उम्मीद जताई जा रही थी कि नहर 27 अप्रैल से 4 मई तक तो चलेगी, लेकिन अब यह उम्मीद भी टूट चुकी है। यदि पानी एक सप्ताह भी नहर में चल जाता तो वाटर टैंकों में पूर्ति हो सकती थी।
रेवाड़ी रोड पर तीन वाटर टैंक हैं, जो नहर नहीं आने से सूख चुके हैं। टैंकों से रेलवे रोड, मोहल्ला नलापुर, मोहल्ला रावका, अग्रसेन चौक, अग्रसेन कालोनी व आधे खड़खड़ी में पानी की आपूर्ति की जाती है। अब रेवाड़ी रोड पर टैंक खाली हो जाने के कारण मोहल्लों में पानी की किल्लत हो गई है।
वहीं महेंद्रगढ़ रोड के टैंकों में केवल एक दिन का पानी बचा है। यहां के वाटर टैंकों से आधे से ज्यादा शहर में पानी की आपूर्ति की जाती है। जब यहां पानी खत्म हो जाएगा तो पूरे शहर में पानी के लिए हाहाकार मचेगा। वहीं एससडीओ सिंचाई विभाग राजेश वर्मा का कहना है किनहरी पानी कब आएगा। इसके बारे कुछ नहीं बताया जा सकता हैं। हालत चिंताजनक है। प्रयास किए जा रहे हैं कि जल्द ही क्षेत्र में नहरी पानी को लाया जाए।