फोटो संख्या:-76 सतनाली में रजिस्ट्री लिपिक को ज्ञापन सौंपते हुए ग्रामीण---स्रोत ग्रामीण
सतनाली। उप तहसील सतनाली क्षेत्र के ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के नाम का ज्ञापन रजिस्ट्री लिपिक राजेश कुमार को सौंपकर राजस्व रिकॉर्ड में इंतकाल को अंग्रेजी की जगह हिंदी में दर्ज करने की मांग की।
ग्रामीणों ने मांग की कि इंतकाल की प्रविष्टियां हिंदी के साथ-साथ अंग्रेजी भाषा में भी दर्ज की जाएं, ताकि आम लोगों को अपने भूमि संबंधी रिकॉर्ड को समझने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।
ज्ञापन सौंपने के दौरान ग्रामीणों का नेतृत्व कर रहे सवाई सिंह राठौड़ ने बताया कि राज्य सरकार की ओर से राजस्व विभाग में नए सॉफ्टवेयर लागू किए जाने की चर्चा है, जिसमें भविष्य में इंतकाल केवल अंग्रेजी भाषा में दर्ज किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के अधिकांश लोग हिंदी भाषा को बेहतर ढंग से समझते हैं, जबकि अंग्रेजी में दर्ज दस्तावेजों को पढ़ने और समझने में उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
ग्रामीणों ने कहा कि एक ओर सरकार हिंदी भाषा को बढ़ावा देने की बात करती है, वहीं दूसरी ओर यदि राजस्व रिकॉर्ड केवल अंग्रेजी में दर्ज किए जाते हैं तो यह आम नागरिकों के हितों के विपरीत है।
उन्होंने मांग की है कि भूमि रिकॉर्ड और इंतकाल संबंधी दस्तावेज हिंदी एवं अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध कराए जाएं, ताकि पारदर्शिता बनी रहे और लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। इस अवसर पर सवाई सिंह राठौड़ सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।