सतनाली। सतनाली क्षेत्र के गांव ढाणी कुम्हारान की रहने वाली बच्ची नीता के लिए जिंदगी आसान नहीं थी। जन्म से ही उसके हृदय में छेद की गंभीर बीमारी थी। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण महंगा इलाज करवाना संभव नहीं था। ऐसे कठिन समय में स्वास्थ्य विभाग महेंद्रगढ़ राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) और चिकित्सकीय अधिकारियों के संयुक्त प्रयासों ने नीता को नया जीवन देने का काम किया।
आरबीएसके इंचार्ज डॉ. गौतम यादव ने बताया कि राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच की जाती है। इसी जांच के दौरान नीता की गंभीर बीमारी का पता चला। समय रहते बीमारी की पहचान होने के बाद सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर उसे उच्च चिकित्सा संस्थान में रेफर किया गया, जहां उसका सफल ऑपरेशन किया गया।
बालिका के उपचार पर करीब 1.95 लाख रुपये का खर्च आया जिसे स्वास्थ्य विभाग ने वहन किया। इससे परिवार को आर्थिक राहत मिली और बच्ची को नया जीवन मिला। डॉ. गौतम यादव ने बताया कि आरबीएसके योजना का उद्देश्य केवल बीमारियों का इलाज करना नहीं, बल्कि समय पर उनकी पहचान कर बच्चों को स्वस्थ भविष्य देना भी है।
उन्होंने इस सफलता का श्रेय हरियाणा सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों, सिविल सर्जन कार्यालय, सीएचसी सतनाली के एसएमओ डॉ. मनीष यादव और स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम को दिया। बालिका के परिजनों ने भी स्वास्थ्य विभाग, आरबीएसके टीम, फार्मेसी अधिकारी सुनील कुमार और एएनएम अनीता का आभार जताते हुए कहा कि उनके सहयोग और मार्गदर्शन से उनकी बेटी को नया जीवन मिला है।