नारनौल। महावीर चौक से रेवाड़ी रोड की तरफ सर्विस रोड पर टाइल लगाने का काम लंबे समय से रुका है। इस कारण स्थानीय दुकानदारों और आवागमन करने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
जानकारी के अनुसार महावीर चौक से महेंद्रगढ़ रोड, रेवाड़ी रोड, सिंघाना रोड और नगर परिषद की तरफ सर्विस रोड पर टाइल लगाने का कार्य किया जाना था। इसकी योजना करीब तीन वर्ष पहले बनाई गई थी जिसके बाद महेंद्रगढ रोड, सिंघाना रोड और नगर परिषद की तरफ तो टाइल लगा दी गई लेकिन महावीर चौक से जलेबी गली की तरफ टाइल लगाने का कार्य अधूरा पड़ा हुआ है।
इसके लिए स्थानीय दुकानदारों ने नगर परिषद अधिकारियों को भी कई बार अवगत कराया है लेकिन अभी तक टाइल लगाने का कार्य नहीं किया गया है। अससे दुकानदारों में रोष व्याप्त है।
बॉक्स
दुकान के आगे जमीन उबड़-खाबड़ है और कुछ जगह गड्ढे बने हुए हैं। बारिश के दिनों में दुकानों के आगे पानी जमा हो जाता है जिससे व्यापार भी प्रभावित होता है। -नत्थूराम शर्मा, दुकानदार, रेवाड़ी रोड
बॉक्स
तीन साल पहले सर्विस रोड पर टाइल लगाने का कार्य शुरू किया गया था लेकिन महावीर चौक से जलेबी गली की तरफ टाइल लगाने का कार्य अभी तक नहीं किया गया है। -विनोद सैनी, दुकानदार रेवाड़ी रोड
बॉक्स
बारिश के दिनों में दुकानों के आगे किचड़ जमा रहता है। इस कारण फिसलन का खतरा भी बना रहता है। सबसे ज्यादा समस्या का सामना महिला, बच्चों और बुजुर्गों को करना पड़ता है।-महेश मेहरा, स्थानीय दुकानदार
वर्जन :
महावीर चौक से सैनी धर्मशाला तक सर्विस रोड पर टाइल लगाई जाएगी। इसके लिए जल्द ही टेंडर जारी कर कार्य शुरू किया जाएगा ताकि लोगों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। -कमलेश सैनी, चेयरपर्सन, नगर परिषद, नारनौल