नारनौल। शक्ति स्पोर्ट्स अकादमी ने शनिवार रात गांव नीरपुर में खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया।
प्रतियोगिता में अतिथि बॉलीवुड अभिनेत्री खेल प्रमोटर पम्मी मोटन, जिला प्रमुख डॉ. राकेश कुमार, नगर परिषद की चेयरपर्सन कमलेश सैनी, नीमराना के बॉडी बिल्डर और खेल प्रमोटर गोपाल सोनी, वार्ड 7 के पार्षद प्रतिनिधि सुमेर कांडा व भीम सिंह दहिया आदि मौजूद रहे। अभिनेत्री और खेल प्रमोटर पम्मी मोटन ने कहा कि जिस तरह से पढ़ लिखकर युवा करियर बनाते हैं, अब उसी तरह से खेल में भी करियर बनाया जा सकता है। खेलों में भी हम अब अच्छा पैसा, नौकरी और सम्मान प्राप्त कर सकते हैं। इसलिए अधिक से अधिक युवाओं को खेलों में हिस्सा लेना चाहिए।
जिला प्रमुख डा. राकेश ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि निरंतर अभ्यास और सही मार्गदर्शन से खेल प्रतिभा में निखार आता है। इस अवसर पर समाजसेवी बिरदीचंद गोठवाल ने प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए कहा कि जिला महेंद्रगढ़ के युवा जिस तरह शिक्षा में नाम रोशन कर रहे हैं, अगर उचित खेल सुविधाएं मिलें तो यहां के युवा खेलों में भी किसी से कम नहीं हैं।
अंडर 16 कबड्डी मुकाबलों में गांव भाला की टीम प्रथम, गांव पाथेड़ा द्वितीय, शक्ति स्पोर्ट्स एकेडमी नीरपुर तृतीय और प्रधान एकेडमी भाला चौथे स्थान पर रही। वहीं अंडर 20 आयुवर्ग में गांव कोजिंदा की टीम प्रथम, गांव बेवल की टीम द्वितीय, शक्ति अकादमी नीरपुर तृतीय तथा प्रधान एकेडमी भाला चौथे स्थान पर रही। इस अवसर पर एक सौ रुपये से लेकर 5100 रुपये तक की कुल 31 कुश्तियां करवाई गई। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विजेताओं को जिला प्रमुख राकेश कुमार और अभिनेत्री पम्मी मोटन ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय, तृतीय और चतुर्थ टीमों को 5100, 3100, 1500, 1500 रुपए नकद पुरस्कार और ट्राफी देकर प्रोत्साहित किया।