नारनौल। शहर के मुख्य बाजार किलारोड से लेकर महावीर मार्ग तक नई सड़क नगर परिषद द्वारा बनाई जा रही है। नवनिर्माण को लेकर किला रोड से पुल बाजार तक की सड़क को तोड़ भी दिया गया है।
सड़क को तोड़े एक महीने से ऊपर का समय हो गया है, लेकिन इसके निर्माण का कार्य अभी तक शुरू नहीं किया गया है। बाजार की इस टूटी सड़क को लेकर व्यापारियों व बाजार में आने वाले लोगों में नगर परिषद के प्रति रोष पनपता जा रहा है। मुख्य बाजार की यह टूटी सड़क अब दुकानदारों व आमजन के लिए परेशानी का सबब बन गई है। इस मार्ग से वाहनों का निकलना तो दूर लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो रहा है। मुख्य बाजार की सड़क को तोड़ते समय पानी के कनेक्शन भी टूट गए हैं। इस कारण मुख्य बाजारों में पानी बहता रहता है और कई जगह कीचड़ फैला रहता है, लेकिन एक माह से अधिक समय बीतने के बाद भी सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। इसी कारण लोगों में रोष पनप रहा है। इस सड़क के निर्माण कार्य का शुभारंभ करते समय विधायक ओमप्रकाश यादव ने इस मार्ग को किस्तों में बनवाने की बात कही थी, परंतु ठेकेदार द्वारा इस मार्ग को धीरे-धीरे करके किलारोड से पुल बाजार तक तोड़ दिया गया है।
-
सड़क तोड़ देने के बाद इसका निर्माण कार्य नहीं होने से हमें भारी परेशानी हो रही है। सड़क तोड़ देने के कारण लोगों का बाजार में आना मुश्किल हो गया है। व्यापार एकदम पड़ा है। विवाह का सीजन तो निकल गया, अब नवरात्र से पहले यह बन जाए तो ठीक रहेगा।-ईश्वर पंसारी, मानक चौक
बाक्स-
करीब एक महीने से ऊपर हो गया मुख्य बाजार की सड़क को तोड़े, लेकिन अब तक इसके निर्माण का कार्य शुरू नहीं हुआ है। सड़क तोड़ते समय पानी की लाइन भी टूट गई है, जिसके कारण पूरे बाजार में पानी बहता रहता है। इस टूटी सड़क पर लोग गिर भी रहे हैं। निर्माण जल्द करवाना चाहिए।-सुशील गर्ग, दुकानदार
वर्जन-
मुख्य बाजार की सड़क को बनाने का कार्य सोमवार से शुरू हो जाएगा। इस मार्ग में जहां सीवर व पानी की लाइन टूटी हुई है तो संबंधित विभाग को कहकर उसे भी ठीक करवाया जाएगा। प्रयास है कि किलारोड से महावीर मार्ग तक सड़क निर्माण जल्द से जल्द पूरा हो जाए।
-सोहन सिंह, एमई, नगर परिषद