सतनाली। अधिकारियों से लेकर सीएम तक एक माह से गुहार लगाने के बावजूद भी सतनाली कस्बे के तीन वार्डों में 1200 की आबादी को पेयजल नसीब नहीं हो पा रहा है। एक माह पहले बोरवेल नंबर 14 की मोटर खराब हुई थी। इसके बाद कस्बे के वार्ड नंबर पांच, छह व सात के निवासी खरीदकर या फिर दूर से पानी का प्रबंध कर प्यास बुझाने को मजबूर हैं। वार्डवासी जेई से लेकर एसडीओ, सरपंच को अवगत कराने के बाद सीएम विंडो पर भी शिकायत कर चुके हैं। लेकिन जिम्मेदार समस्या के समाधान के लिए प्रयास नहीं कर रहे।
कस्बावासियों का कहना है कि पिछले एक माह से बोरवेल नंबर 14 खराब पड़ा हुआ है। इन तीन वार्डों की 1200 की आबादी को दूर दराज से या फिर पानी टैंकर मंगाकर प्यास बुझाने को मजबूर होना पड़ रहा है। विभाग को बार-बार अवगत करवाए जाने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। समस्या के समाधान के लिए जेई, एसडीओ व सरपंच सतनाली को बार-बार अवगत करवाया गया। लेकिन आज तक बोरवेल की मोटर का समाधान नहीं हो पाया है। वार्ड वासियों ने लगभग 10 दिन पहले सीएम विंडो पर भी शिकायत दर्ज करवा चुके है। लेकिन आज तक सीएम विंडो पर भी कोई कार्यवाही जिम्मेदारों द्वारा नहीं की गई है।
बोरवेल नंबर 14 पिछले एक महीने से खराब पड़ा है। सुबह उठते ही पीने का पानी घर के सदस्यों को कैसे उपलब्ध करवाया जाए। इसी समाधान में लग जाते हैं। विभाग पिछले एक माह से इस समस्या पर कोई ध्यान नहीं दे रहा जबकि बार-बार अवगत कराया जा चुका है।
-टोनी, ग्रामीण।
पिछले एक माह में घर के लिए पीने के पानी के लिए टैंकर से पानी मंगवाकर परेशान हो चुका है। 600 से 900 रुपये में टैंकर आता है, जिसके कारण परिवार पर भी आर्थिक भार पड़ रहा है। अधिकारियों को बार-बार अवगत कराने के बावजूद आश्वासन मिल रहे हैं।
-लीलाराम, ग्रामीण।
वार्ड नंबर 5, 6 और 7 में यह समस्या एक माह से चल रही है। जिम्मेदारों को भी अवगत कराया जा चुका है, लेकिन कोई समाधान नहीं हो रहा है। कस्बे के अन्य मोहल्ले से सिर पर पानी लाना मजबूरी बन गई है। कभी वह खुद लेकर आते है तो कभी घर के सदस्य। जिम्मेदारों द्वारा आज तक समाधान नहीं किया गया है।
-सुरेंद्र सोनी, ग्रामीण।
एक माह के दौरान पहले तो बार-बार कहने के बाद मोटर ही बोरवेल से बड़ी मुश्किल से निकाल कर ले गए, लेकिन अब तक यह मोटर ठीक करा पेयजल आपूर्ति भी शुरू नहीं की जा रही है। विभाग के उच्चाधिकारियों से मांग है कि जल्द समस्या का समाधान करा लापरवाही बरत रहे कर्मचारियों के खिलाफ कड़ा संज्ञान लें।
-राजपाल, ग्रामीण
बोरवेल में पानी की कमी के कारण बार-बार मोटर जल रही है। कस्बे की अधिकांश पेयजल आपूर्ति की लाइनें नहरी पानी से जोड़ी जा चुकी है। इस लाइन को भी एक सप्ताह के समय में नहरी पानी से जोड़ दिया जाएगा। साथ ही विभाग की ओर से नए बोर का एस्टिमेट बनाकर भेजा जाएगा।
-प्रद्युमन तंवर, जेई, जन स्वास्थ्य विभाग, सतनाली।