महेंद्रगढ़। पुलिस की विशेष टीम लगातार गांव-गांव पहुंचकर लोगों को जागरूक कर रही है। इसी कड़ी में निरीक्षक शारद और उनकी टीम ने गांव डेरोली जाट तथा सुरजनवास का दौरा किया। टीम ने कहा कि नशे की लत छोड़ने के इच्छुक लोगों को पुलिस हर संभव सहायता प्रदान करेगी।
गांव डेरोली जाट की वाटिका और सुरजनवास की धर्मशाला में आयोजित बैठकों में ग्रामीणों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और आर्थिक नुकसान के बारे में विस्तार से बताया गया। अभियान का उद्देश्य युवाओं समेत समाज के सभी वर्गों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत करना और उन्हें इस बुराई से दूर रहने के लिए प्रेरित करना है।
इसके अलावा ग्रामीणों को भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम के नए प्रावधानों की जानकारी भी दी गई। डेरोली जाट में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों के प्रति भी जागरूक किया गया। इस दौरान सरपंच ममता देवी सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।